परसा सीएचसी में अव्यवस्था पर भड़कीं विधायक डॉ. करिश्मा राय, अधिकारियों और कर्मियों को लगाई फटकार:

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में एआरवी (एंटी रेबीज वैक्सीन) इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने का मामला भी सामने आया। आवश्यक इंजेक्शन की अनुपलब्धता पर विधायक ने स्वास्थ्य प्रबंधक शिव कुमार पासवान के प्रति नाराजगी जाहिर की।

MLA Dr Karishma Rai- फोटो : news4nation

Bihar News :  सारण जिले के परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति और विभागीय लापरवाही को लेकर स्थानीय राजद विधायक डॉ. करिश्मा राय ने कड़ी नाराजगी जताई। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्हें कई स्तरों पर अव्यवस्था देखने को मिली। अस्पताल परिसर से लेकर शौचालय और प्रसव कक्ष तक में गंदगी मिलने पर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को जमकर फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया।


करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण में विधायक ने अस्पताल की साफ- सफाई, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर के साथ शौचालय और प्रसव कक्ष में भी गंदगी मिली। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को जवाबदेह ठहराते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।


निरीक्षण के दौरान अस्पताल में एआरवी (एंटी रेबीज वैक्सीन) इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने का मामला भी सामने आया। आवश्यक इंजेक्शन की अनुपलब्धता पर विधायक ने स्वास्थ्य प्रबंधक शिव कुमार पासवान के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तत्काल दूरभाष पर ड्रग इंस्पेक्टर से बात कर अस्पताल में जरूरी दवाओं और इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवाओं की कमी के कारण मरीजों को दूसरे अस्पतालों का चक्कर लगाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़े।


नहीं पहुंचे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी 

निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमन कुमार की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। बताया गया कि विधायक के निरीक्षण की सूचना पहले से दिए जाने के बावजूद करीब एक घंटे तक वे अस्पताल नहीं पहुंचे। इस पर अस्पताल के प्रोटोकॉल, अधिकारियों की जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हुए। 


विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दो टूक कहा कि सरकारी अस्पताल आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए हैं, न कि केवल औपचारिकता निभाने के लिए। साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अब सवाल यह है कि निरीक्षण के दौरान उजागर हुई खामियों पर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं और परसा सीएचसी की व्यवस्था में धरातल पर कितना सुधार हो पाता है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट