बिहार विधानसभा सत्र से पहले जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार का शिक्षकों के सातवें वेतन आयोग पर बड़ा ऐलान, तेजस्वी पर खूब बरसे
नीरज कुमार ने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है और सरकार भी हर सवाल का जवाब देगी। लेकिन सवाल उठाने वालों को भी सदन में मौजूद रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ''पहले विधानसभा सत्र में तेजस्वी यादव रहें, उसके बाद सवाल करें।
Bihar News : बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार, 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। इस बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने विपक्ष को निशाने पर लिया है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा है कि सरकार जनहित से जुड़े हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पहले यह बताएं कि तेजस्वी दिल्ली से लौटे हैं या नहीं और क्या वह विधानसभा सत्र में शामिल होंगे?
नीरज कुमार ने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है और सरकार भी हर सवाल का जवाब देगी। लेकिन सवाल उठाने वालों को भी सदन में मौजूद रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ''पहले विधानसभा सत्र में तेजस्वी यादव रहें, उसके बाद सवाल करें। सरकार उनके हर सवाल का जवाब देगी।''
आनंद मोहन की यात्रा पर क्या बोले नीरज कुमार?
पूर्व सांसद आनंद मोहन की प्रस्तावित बिहार यात्रा को लेकर भी नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी को भी यात्रा करने का अधिकार है। आनंद मोहन भी यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय है और इस पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
लवली आनंद की ओर से फैसले पर सवाल उठाए जाने की बात पर नीरज कुमार ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर सवाल उठाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा करना आनंद मोहन का अधिकार है, लेकिन न्यायालय के फैसले का सम्मान होना चाहिए।
अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस जरूरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से अधिकारियों को अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश पर नीरज कुमार ने समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का निर्देश बिल्कुल स्पष्ट है। बिहार में विकास होना चाहिए, अपराध खत्म होना चाहिए और सरकारी कामकाज में किसी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री लगातार अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं और उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को इन निर्देशों का पालन करना होगा।
शिक्षकों के सातवें वेतन आयोग पर अनुरोध
शिक्षकों की ओर से सातवें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग पर नीरज कुमार ने कहा कि इस संबंध में वे सरकार से अनुरोध करेंगे। हालांकि, अंतिम फैसला सरकार को लेना है। उन्होंने कहा कि आज जो लोग सरकारी नौकरी कर रहे हैं, उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि उन्हें नौकरी देने का काम वर्तमान सरकार ने किया है। शिक्षकों की मांग पर उन्होंने कहा कि उनका अनुरोध सरकार तक पहुंचेगा और अब इस पर सरकार क्या निर्णय लेती है, यह देखना होगा।
अभिजीत की रिपोर्ट