भाजपा प्रचार रथ पर हमला, पोस्टर फाड़कर बदमाश फरार, बिहार में बढ़ने लगी चुनावी गरमा-गरमी
Bihar politics: भाजपा के प्रचार वाहन पर असामाजिक तत्वों ने हमला किया। ..
Bihar politics:बिहार विधानसभा चुनाव के बीच गया जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रविवार देर शाम, भाजपा के प्रचार वाहन पर असामाजिक तत्वों ने हमला किया। जानकारी के अनुसार, प्रचार रथ गांवों में कार्यक्रम पूरा कर लौट रहा था कि पहाड़पुर रेलवे फाटक के पास दो बाइक सवार चार बदमाश पहुंचे। उन्होंने वाहन चालक के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर पीएम मोदी के पोस्टर फाड़ने का प्रयास किया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना फतेहपुर थाना को दी गई। थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि पुलिस बल मौके पर भेजा गया, लेकिन तब तक प्रचार वाहन वहां से निकल चुका था। फिलहाल किसी की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जिसके चलते प्राथमिकी अभी दर्ज नहीं हो सकी।
भाजपा नेताओं ने इस घटना को लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने आरोप लगाया कि इस वारदात के पीछे राजद समर्थक हो सकते हैं। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस से अपील की है कि जल्द से जल्द हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
पिछले साल उपचुनाव के दौरान भी इमामगंज थाना क्षेत्र में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रचार वाहन को नुकसान पहुंचाया गया था और पोस्टर फाड़े गए थे। इसके अलावा हाल ही में एक एनडीए समर्थक के घर पर देर रात फायरिंग की घटना भी सामने आई थी, जिस पर एनडीए ने कड़ा विरोध जताया था।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि लिखित शिकायत मिलने पर ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और जांच आगे बढ़ाई जाएगी। घटना ने गया जिले में चुनावी पारा बढ़ा दिया है और सुरक्षा की मांग तेज कर दी है।