अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर परियोजना को गति देने में जुटा जिला प्रशासन, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

गयाजी जिले में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए डीएम ने परियोजना स्थल का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और लंबित मुआवजे के भुगतान का निर्देश दिए

अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर परियोजना का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण - फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने, भू-अर्जन से जुड़ी अड़चनों को दूर करने और आधारभूत संरचनाओं के विकास की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने परियोजना स्थल का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शेरघाटी विधायक, अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, डीसीएलआर शेरघाटी, अंचल अधिकारी डोभी भरतेंदु और बीडीओ लक्ष्मण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


एलपीसी और मुआवजा भुगतान में हो रही देरी पर डीएम सख्त, कैंप लगाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान किसानों ने एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र) मिलने में अनावश्यक देरी और पिछले कई वर्षों से मुआवजा नहीं मिलने की शिकायतें रखीं। इस पर डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए छोटी-मोटी त्रुटियों के आधार पर एलपीसी रोकने से बचा जाए और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में लगातार कैंप लगाकर किसानों के दस्तावेजों की जांच करें और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि रैयतों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।


इनबोरबा पईन का संरक्षण और श्मशान घाट को मुक्तिधाम के रूप में विकसित करने के निर्देश

ग्रामीणों द्वारा इनबोरबा पईन और श्मशान घाट से जुड़े मुद्दों पर डीएम ने स्पष्ट किया कि 20 गांवों की सिंचाई का जरिया बनने वाले इनबोरबा पईन को किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा, श्मशान घाट को छोड़कर अन्य निर्धारित क्षेत्र में बाउंड्री का निर्माण कराने तथा श्मशान घाट को स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए 'मुक्तिधाम' की तर्ज पर विकसित करने के निर्देश दिए गए।


औद्योगिक क्षेत्र में दो हेलीपैड और आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की पहल

किसानों की समस्याएं सुनने के बाद डीएम ने बीयाडा द्वारा औद्योगिक कॉरिडोर क्षेत्र में विकसित की जा रही आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन 31.30 किमी लंबी और 45 मीटर चौड़ी इंटरनल सड़क, गेस्ट हाउस और हेलीपैड के कार्यों की प्रगति देखी। निवेशकों और विशिष्ट अतिथियों की सुगमता के लिए औद्योगिक क्षेत्र में एक अतिरिक्त हेलीपैड बनाने का निर्देश दिया गया, जिससे इस परिसर में कुल दो हेलीपैड हो जाएंगे। साथ ही, हेलीपैड के पास वेटिंग एरिया, शेड और उच्च गुणवत्ता वाले आधुनिक शौचालयों का निर्माण कराने को कहा गया।


पथ निर्माण विभाग की दो प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य की समीक्षा

परियोजना तक बेहतर संपर्कता के लिए बनाई जा रही दो प्रमुख सड़कों का भी भौतिक निरीक्षण किया गया:

  1. एनएच-02 डोभी रोड से चंदा गांव होते हुए भवनदेव तक फोरलेन सड़क: 6.85 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य जनवरी 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
  2. एनएच-02 महकार से औद्योगिक कॉरिडोर तक सड़क: आमारूत, जहेल्दिह और मौलाना नगर होते हुए 5.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क अक्टूबर 2027 तक पूरी की जानी है।

डीएम ने संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया, ताकि औद्योगिक कॉरिडोर का कार्य समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतर सके।


मनोज की रिपोर्ट