नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम : सुरक्षाबलों ने जमीन के अंदर छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में आईईडी किया बरामद, मौके पर किया नष्ट

गयाजी जिले में सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई। सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान के दौरान जमीन के अंदर छुपाकर रखे गए 5 किलो आईईडी बरामद किया....

नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji :  जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के एक बड़े मंसूबे को नाकाम कर दिया। सुरक्षाबलों ने सिंघय लडूडहा पहाड़ के समीप जमीन के नीचे दबाकर रखा गया लगभग 5 किलोग्राम का आईईडी (IED) समय रहते बरामद कर लिया, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से मौके पर ही ब्लास्ट कर नष्ट कर दिया गया।


डी-215 बटालियन को मिली थी गुप्त सूचना, सुबह शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ की 215वीं बटालियन को इलाके में संदिग्ध नक्सली गतिविधियों की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद कमांडेंट विनोद कुमार के निर्देश पर 5 नवंबर की तड़के 6 बजे विशेष सर्च अभियान शुरू किया गया। इस सर्च ऑपरेशन का नेतृत्व कंपनी कमांडर अमरेश कुमार सिंह कर रहे थे।


मेटल डिटेक्टर की मदद से सिंघय लडूडहा पहाड़ के पास मिला 5 किलो का आईईडी

तलाशी अभियान के दौरान संयुक्त टीम सुदुआ थाना क्षेत्र के कछुआ नागोवार से गुरनिया तसी के रास्ते सिंघय लडूडहा पहाड़ के घने जंगली इलाके में पहुंची। गहन छानबीन के दौरान डीप सर्च मेटल डिटेक्टर ने जमीन के भीतर धातु/विस्फोटक होने का संकेत दिया, जिसके बाद सावधानी से की गई खुदाई में 5 किलो का कमांड जैकेट आईईडी बरामद किया गया।


बीडीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया आईईडी

आईईडी मिलते ही सीआरपीएफ की बम निरोधक दस्ता (BDDS) टीम तुरंत मौके पर पहुंची। विशेषज्ञ टीम ने सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को बिना किसी नुकसान के सफलतापूर्वक विस्फोट कर नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, इस विस्फोटक को सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाया गया था।


इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, सघन तलाशी अभियान जारी

समय रहते मिली सफलता से एक बड़ा हादसा टल गया है। इस घटना के बाद से संबंधित पुलिस और सीआरपीएफ बलों ने गया के संबंधित पहाड़ी व जंगली इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि किसी भी अन्य संभावित खतरे को समय रहते बेअसर किया जा सके।


मनोज की रिपोर्ट