Bihar News : पटना में शालीमार कोल्ड स्टोरेज पर खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने की छापेमारी, ₹6.35 लाख का खजूर किया जब्त, ₹13.29 लाख की खाद्य सामग्री किया नष्ट
Bihar News : पटना में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा टीम ने अनिशाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज सहित कई प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
PATNA : स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा टीम ने खाद्य सुरक्षा को लेकर पटना के अनिशाबाद में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने पटना के अनिशाबाद, न्यू बाइपास स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी कर ₹6 लाख 35 हजार मूल्य का 1,270 किलोग्राम खजूर जब्त किया। खजूर के पैकेटों पर पैकिंग की तारीख अंकित नहीं थी। टीम ने जांच के लिए खजूर का नमूना भी लिया। कार्रवाई के दौरान कोल्ड स्टोरेज में रखी ₹13 लाख 29 हजार 200 मूल्य की 2,140 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई। इसमें 1,440 किलोग्राम मिठाई, 600 किलोग्राम सूखा अंजीर और 100 किलोग्राम दही शामिल था। निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में साफ-सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ भी एक साथ रखे पाए गए। निरीक्षण दल ने इन कमियों को दर्ज करते हुए प्रतिष्ठान के खाद्य लाइसेंस के निलंबन पर विचार करने की बात अपनी रिपोर्ट में दर्ज की है।
कुर्जी में ‘जय माता दी द स्वीट शॉप’ का खाद्य कारोबार बंद कराया गया
पटना के कुर्जी स्थित ‘जय माता दी द स्वीट शॉप’ के निरीक्षण में वैध भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) लाइसेंस नहीं पाया गया। खाद्य संरक्षा नियमों के उल्लंघन के कारण टीम ने प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार बंद कराया। कार्रवाई के दौरान ₹360 मूल्य के 4 किलोग्राम वेज नूडल्स और 3 किलोग्राम सोया सॉस नष्ट किए गए। जांच के लिए बतीसा स्वीट्स का एक नमूना भी लिया गया।
न्यू कुर्जी रेस्टोरेंट का किचन सफाई के लिए दो दिनों के लिए बंद
पटना के कुर्जी मोड़ स्थित ‘न्यू कुर्जी रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स एंड नमकीन’ के निरीक्षण में रसोई की साफ-सफाई, जल निकासी और खाद्य सामग्री के भंडारण में कमियां पाई गईं। पानी की जांच रिपोर्ट, स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण का प्रमाण भी उपलब्ध नहीं था। टीम ने प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस दिया और साफ-सफाई के लिए उसका किचन दो दिनों के लिए बंद कराया। निरीक्षण में ₹2,640 मूल्य की 22 लीटर सामग्री को नष्ट किया गया। इसमें पांच लीटर टोमैटो सॉस, दो लीटर सोया सॉस और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल शामिल था। जांच के लिए गोंद के लड्डू का नमूना भी लिया गया और उसे खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
गांधी मैदान के पूर्वी क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस
पटना के गांधी मैदान के पूर्वी क्षेत्र में स्थित ‘द सोडा फाउंटेन’ के निरीक्षण में कर्मचारियों की चिकित्सा जांच रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। टीम ने इन कमियों को दूर करने के लिए प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस दिया और जांच के लिए छेना मिठाई का नमूना लिया, जिसे खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की निगरानी के लिए नियमित निरीक्षण और छापेमारी कर रही है। निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।