Bihar News : गयाजी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, सीआरपीएफ, एनसीसी और जीएसटी कार्यालय में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ भारत का लिया संकल्प
Bihar News : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गयाजी में विभिन्न स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में सुरक्षा बलों, एनसीसी कैडेटों और सरकारी अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
GAYAJI : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गयाजी में कई जगहों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय परिसर में कार्यक्रम का शुभारंभ कमांडेंट अवधेश कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और अनुशासित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित बटालियन के 100 से अधिक जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी जवानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लाइव कार्यक्रम से जुड़कर सामूहिक योगाभ्यास किया। योग सत्र के दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। जवानों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
वहीँ 27 बिहार बटालियन एनसीसी के बैनर तले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भगवान विष्णु की पावन नगरी देवघाट में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग एक हजार एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस अवसर पर सूबेदार मेजर सरदारी लाल ने कैडेटों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लगभग एक हजार कैडेटों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। योग कार्यक्रम के दौरान कैडेटों एवं एनसीसी स्टाफ ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। सभी प्रतिभागियों ने अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सूबेदार मेजर सरदारी लाल, ऑनरेरी कैप्टन आरबी शर्मा,सूबेदार सूरज सोरन, एएनओ सुरेश कुमार, एएनओ राजेश कुमार भदानी, एएनओ जय प्रकाश, एएनओ अभिमन्यु कुमार, एएनओ धर्मवीर, एएनओ डॉ. अशोक कुमार, नायब सूबेदार आशित कुमार, सीएचएम देवराज सिंह, सीएचएम धीरेंद्र सिंह, हवलदार ललित कुमार, हवलदार देशपाल सिंह, सीएचएम प्रमोद कुमार, हवलदार नील पीडी गुरूंग, हवलदार मांझी राय, हवलदार गुड्डू कुमार, सीएचएम रामकिशोर चौधरी, हवलदार जगदीश सिंह, प्रभात तिवारी, सुरेंद्र कुमार, पवन कुमार, बिरेंद्र कुमार, क्लर्क लक्ष्मण,क्लर्क मिंटू एवं क्लर्क संतोष झा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन योग के प्रति जागरूकता,स्वस्थ जीवनशैली और स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ किया गया।
उधर बोधगया स्थित 80 फीट भगवान बुद्ध प्रतिमा परिसर में 6 बिहार बटालियन एनसीसी के बैनर तले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं अधिकारियों ने भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया। कार्यक्रम की शुरुआत 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) द्वारा योग दिवस के महत्व एवं इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर प्रकाश डालते हुए की गई। उन्होंने कैडेट्स को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने का संदेश दिया।इसके उपरांत योग प्रशिक्षक हवलदार रवि रंजन ने तीन बार ‘ॐ’ के उच्चारण के साथ योग सत्र का शुभारंभ कराया। उन्होंने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराते हुए उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।इस अवसर पर कैप्टन मुनीचंद्र मोची, लेफ्टिनेंट वीरेंद्र कुमार, सूबेदार अरविंद कुमार शर्मा, नायब सूबेदार प्रवीण, बम ताराचंद, हवलदार सीताराम, सुशील कुमार, हेमंत कुमार, अनुज कुमार सहित अन्य सैन्य एवं सिविल कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर काशीनाथ मोड़ स्थित जीएसटी डिवीजन कार्यालय परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष का संदेश “अच्छा स्वास्थ्य, योग करें और बेहतर जीवन के लिए मुस्कुराते रहें” रहा। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक आयुक्त शिशिर सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली का भी आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, कार्यक्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति स्वस्थ एवं प्रसन्न जीवन व्यतीत कर सकता है।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।इस मौके पर अधीक्षक राजीव रंजन, अधीक्षक राजू दास, कार्यपालक सहायक सत्यप्रकाश, कार्यपालक सहायक रजनीश परमार, कर सहायक प्रत्युष शंकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।