Bihar Bride Scam: दूल्हा बना शिकार, दुल्हन निकली मैडम! शादी के मंडप से पहले ठगी का खेल, ऐसे खुला राज

Bihar Bride Scam: शादी के नाम पर ऐसा खेल सामने आया है, जहां सात फेरों से पहले ही दूल्हे की जेब हल्की कर दी गई।

Bihar Bride Scam: दूल्हा बना शिकार, दुल्हन निकली मैडम! शादी
दूल्हा बना शिकार, दुल्हन निकली मैडम! - फोटो : X

Bihar Bride Scam: शादी के नाम पर ऐसा खेल सामने आया है, जहां सात फेरों से पहले ही दूल्हे की जेब हल्की कर दी गई।सीवान में  दुल्हन बनने आई युवती के चेहरे पर घूंघट था, लेकिन पहचान के पीछे कई नाम और  फर्जीवाड़े की पूरी कहानी छिपी थी। मध्य प्रदेश के उज्जैन से बारात लेकर आया परिवार रिश्ते की मिठास चखने पहुंचा था, लेकिन उसे 80 हजार रुपये की ठगी का कड़वा स्वाद मिल गया। गनीमत रही कि सीवान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सतर्कता ने इस कथित लुटेरी दुल्हन गैंग की विदाई का रास्ता जेल की ओर मोड़ दिया।

मामला अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह की कथित सरगना सुनीता का असली नाम सोनी उर्फ सलमा उर्फ मैडम बताया गया है। उसने पुतुल कुमारी नाम से कथित फर्जी आधार कार्ड दिखाकर रिश्ता तय कराया। वीडियो कॉल पर लड़की दिखाई गई और शादी की तारीख भी तय हो गई। यानी डिजिटल जमाने में रिश्ता भी ऑनलाइन और भरोसे की जेब पर सीधा ऑफलाइन हमला!

उज्जैन निवासी भूपेंद्र सोलंकी ने शादी के खर्च के नाम पर पहले फोन-पे से 30 हजार रुपये भेजे। इसके बाद 20 नवंबर को परिवार के साथ गोपालगंज पहुंचे। वहां लॉज में ठहराने के बाद 21 नवंबर को कररिया गांव ले जाया गया। कथित मामा बने रमेश ने पंडित से शादी की रस्में पूरी कराईं। फिर गांव में भोज के नाम पर दूल्हे के पिता से 50 हजार रुपये नकद भी वसूल लिए गए।

लेकिन कहानी का असली क्लाइमेक्स सीवान रेलवे स्टेशन पर हुआ। विदाई के बहाने पहुंची दुल्हन टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर खिसकने लगी। शायद उसे लगा होगा कि शादी का सौदा पूरा, अब अगला स्टेशन ठगी का होगा। मगर दूल्हे और परिजनों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। हंगामा हुआ, यात्री जुटे और डायल 112 की टीम पहुंच गई।

महिला थानाध्यक्ष सुमन कुमारी के बयान पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीन महिलाओं को जेल भेज दिया गया है। मुख्य सरगना समेत चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

अब सवाल यह है कि शादी के नाम पर फर्जी पहचान, नकली दस्तावेज और मोटी रकम वसूलने का यह धंधा आखिर कब तक चलता रहेगा? फिलहाल इस कहानी में दूल्हे को दुल्हन नहीं मिली, लेकिन ठगी के आरोपियों को कानून का सामना जरूर करना पड़ रहा है।