Bihar News : गया के ओटीए लाइन एरिया में एनसीसी 'ए' प्रमाणपत्र परीक्षा संपन्न, 562 कैडेट हुए शामिल
Bihar News : ओटीए लाइन एरिया में रविवार को एनसीसी "ए" प्रमाणपत्र परीक्षा 2026 का सफल आयोजन किया गया। जिसमें 562 बॉयज और गर्ल्स कैडेट्स शामिल हुए......पढ़िए आगे
GAYAJI : जिले के ओटीए लाइन एरिया में रविवार को एनसीसी "ए" प्रमाणपत्र परीक्षा 2026 का सफल आयोजन किया गया। यह महत्वपूर्ण परीक्षा 6 बिहार बटालियन एनसीसी, गया के तत्वावधान में आयोजित की गई। पूरी प्रक्रिया समादेशी पदाधिकारी सह पीठासीन पदाधिकारी कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
परीक्षा की व्यवस्था और पहुँच को सुगम बनाने के लिए प्रशासन द्वारा चार प्रमुख परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कर्नल पंकज कुमार ने जानकारी दी कि मुख्य केंद्र ओटीए गयाजी के अलावा जहानाबाद, रफीगंज और शेरघाटी में भी परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। इन सभी केंद्रों को मिलाकर कुल 562 बॉयज और गर्ल्स कैडेट्स लिखित और व्यावहारिक परीक्षा में शामिल हुए।
एनसीसी के कड़े नियमों की जानकारी देते हुए कर्नल पंकज कुमार ने बताया कि इस परीक्षा में बैठने के लिए कैडेटों को कुछ अनिवार्य योग्यताएं पूरी करनी होती हैं। इसके तहत कैडेट की न्यूनतम 75 प्रतिशत परेड उपस्थिति और कम से कम एक एनसीसी कैंप में सक्रिय सहभागिता होना अनिवार्य है। इन मानकों को पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को ही प्रमाणन प्रक्रिया का हिस्सा बनने का अवसर दिया गया।
एनसीसी "ए" प्रमाणपत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों ने बताया कि यह न केवल अनुशासन का प्रतीक है, बल्कि करियर के लिहाज से भी अत्यंत लाभकारी है। परीक्षा में सफल होने वाले कैडेटों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें भारतीय सेना और अन्य सरकारी सेवाओं की भर्ती परीक्षाओं में 5 प्रतिशत अतिरिक्त अंकों का बोनस लाभ मिलता है। यह युवाओं के लिए सशस्त्र बलों में शामिल होने का एक मजबूत आधार तैयार करता है।
परीक्षा के सफल संचालन में सैन्य और प्रशासनिक अमले का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर सूबेदार मेजर विक्रम सिंह, एएनओ मुख्तार अंसारी, सिनू कुमारी सिन्हा, सोनी कुमारी सिन्हा, जीसीआई सुप्रिया रंजन और सीटीओ राहुल रंजन सहित पीआई स्टाफ के नायब सूबेदार प्रवीण, सीएचएम तारा चंद्र और हवलदार टिंकू उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने कैडेटों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके अनुशासन की सराहना की।