Bihar Crime News : बगहा में अपराधियों ने सहारा एजेंट के घर पर झोले में भरकर फेंका 'बम', टीवी देख रहे परिजनों में मचा हड़कंप

Bihar Crime News : बगहा में सहारा एजेंट के घर पर अपराधियों ने झोले में भरकर बम फेंक दिया. जिससे एजेंट के परिजनों में कोहराम मच गया.......पढ़िए आगे

Bihar Crime News : बगहा में अपराधियों ने सहारा एजेंट के घर प
सहारा एजेंट के घर बम - फोटो : SOCIAL MEDIA

BAGAHA : जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरवलिया वृत्ति टोला गांव में शनिवार की रात करीब 11 बजे एक अज्ञात हमलावर ने नीरज राव के घर में विस्फोटक से भरा झोला फेंक कर सनसनी फैला दी। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त परिवार के सभी सदस्य बैठकर टीवी देख रहे थे। अचानक घर के अंदर संदिग्ध झोला फेंके जाने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में भारी दहशत का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, झोले में रखे संदिग्ध पदार्थ के पहाड़ तोड़ने वाले 'डायनामाइट' होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ कुमार देवेंद्र और प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष अंकित कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संदिग्ध सामग्री को जब्त कर अहिरवलिया स्थित एक स्कूल में सुरक्षित रखवाया है। विस्फोटक की संवेदनशीलता को देखते हुए वहां रातभर चौकीदारों का कड़ा पहरा लगाया गया।

रविवार की सुबह पुलिस ने पीड़ित परिवार के नीरज राव और रिशू राव को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे लंबे समय से प्रताड़ना झेल रहे हैं। उनके अनुसार, इससे पहले भी उनके घर को निशाना बनाकर ईंट, पत्थर और गंदगी फेंकी जा चुकी है। परिवार का कहना है कि वे लगातार असुरक्षा के साये में जी रहे हैं और अज्ञात तत्वों द्वारा उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।

इस हमले के पीछे की मुख्य वजह सहारा इंडिया का विवाद माना जा रहा है। बताया गया कि घर के मुखिया हरिशंकर राव पूर्व में सहारा इंडिया में एजेंट के रूप में कार्यरत थे। सहारा कंपनी के डिफॉल्टर होने के बाद कई निवेशकों का पैसा डूब गया, जिसका गुस्सा लोग आए दिन इस परिवार पर निकालते हैं। आशंका जताई जा रही है कि डूबे हुए पैसे की खुन्नस में ही किसी ने इस तरह की जानलेवा साजिश रची है।

फिलहाल, बगहा एसपी रामानंद कुमार कौशल और एसडीपीओ कुमार देवेंद्र खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं। विस्फोटक की सही प्रकृति का पता लगाने के लिए गोपालगंज से बम निरोधक दस्ता (Special Team) बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टीम की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि जब्त सामग्री कितनी घातक थी। पुलिस पैसे के लेनदेन से जुड़े विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहन तफ्तीश कर रही है।

नागेन्द्र की रिपोर्ट