Bihar News : बिहटा में 'थप्पड़बाज' महिला दारोगा पर गिरी गाज, युवक को पीटने का वीडियो वायरल होने पर सिटी एसपी ने किया सस्पेंड

Bihar News : बिहटा में युवक को थप्पड़ मारना महिला दारोगा को भारी पड़ गया. वीडियो वायरल होने के बाद सिटी एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया है......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहटा में 'थप्पड़बाज' महिला दारोगा पर गिरी गाज,
'थप्पड़बाज' महिला दारोगा सस्पेंड - फोटो : SUMIT

PATNA : बिहटा थाने में तैनात महिला दारोगा श्वेता भारती को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने यह कड़ी कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो की जांच के बाद की है। वीडियो में महिला दरोगा एक युवक को सरेआम थप्पड़ मारती नजर आ रही थीं, जिसे पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाला आचरण माना गया है।

पूरी घटना बीते 24 जनवरी की है, जब बिहटा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में एक रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में हंगामा हो रहा था। डायल 112 के माध्यम से मिली सूचना के बाद महिला दारोगा श्वेता भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर शांति व्यवस्था कायम करने पहुँची थीं। इसी दौरान विवाद को सुलझाने के बजाय दरोगा अपना आपा खो बैठीं और उन्होंने वहां मौजूद प्रवीण नामक युवक को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।

घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस मुख्यालय ने इसका संज्ञान लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने तुरंत एक जांच टीम का गठन किया। जांच में पाया गया कि दारोगा का व्यवहार अमर्यादित था और उन्होंने प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। 

सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस का काम कानून व्यवस्था को बनाए रखना है, न कि आम नागरिकों पर अकारण बल प्रयोग करना। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो की पुष्टि होने के बाद श्वेता भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच (Departmental Inquiry) के भी आदेश दे दिए गए हैं। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह संदेश उन सभी पुलिसकर्मियों के लिए है जो जनता के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। फिलहाल, विभागीय जांच के दौरान दरोगा को अपनी सफाई पेश करने का मौका दिया जाएगा, लेकिन फिलहाल के लिए उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया है।

सुमित की रिपोर्ट