Bihar News : बोधगया मठ की बैठक में शामिल हुए विस अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कहा— दुर्लभ पांडुलिपियों का होगा डिजिटलीकरण
Bihar News : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज बोधगया मठ में महंत विवेकानंद गिरी जी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया.......पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज बोधगया मठ में महंत विवेकानंद गिरी जी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। बैठक में बोधगया मठ द्वारा संचालित जनकल्याणकारी, शैक्षणिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर चर्चा की गई तथा इसके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई।इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बोधगया मठ की प्रमाणिकता आठवीं शताब्दी से स्थापित है। यह मठ न केवल अपनी प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए विख्यात है, बल्कि समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि बोधगया मठ ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान देते हुए मगध विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए लगभग 400 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई थी। इसके अतिरिक्त मठ द्वारा बोधगया क्षेत्र के खजवती में गौशाला का सफल संचालन किया जा रहा है, जहां गौ संरक्षण एवं सेवा का कार्य निरंतर जारी है।
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि बोधगया मठ द्वारा संचालित निःशुल्क पुस्तकालय एवं अध्ययन केंद्र में वर्तमान में लगभग 100 बच्चों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। हाल ही में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में यहां अध्ययनरत 12 विद्यार्थियों की सफलता मठ के शैक्षणिक प्रयासों की सार्थकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शेरघाटी में सदानंद गिरी जी महाराज के नाम पर संचालित शैक्षणिक संस्थान के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही शाक्यमुनि कॉलेज एवं रामबालक सिंह होम्योपैथिक कॉलेज भी संचालित है। वहीं बोधगया थाना के समीप संचालित संस्कृत विद्यालय भारतीय संस्कृति एवं भाषा के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बोधगया मठ की प्राचीन लाइब्रेरी का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यहां दुर्लभ पांडुलिपियों का संरक्षण किया गया है। इन पांडुलिपियों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण के लिए भारत सरकार की ‘ज्ञान भारतम्’ परियोजना के साथ समझौता (एमओयू) किया गया है, जिसके तहत इस अमूल्य धरोहर को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा रहा है। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बोधगया मठ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, गौ सेवा तथा अन्य सामाजिक एवं मानवीय कार्यों के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने मठ के इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाएं भारतीय संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बैठक में मठ के संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा बोधगया मठ की विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं मौके पर बोधगया नगर परिषद अध्यक्षा ललिता देवी जी,जिला अध्यक्ष विजय मांझी,नीरज निश्चल,बबलू चंद्रवंशी, शशि सिन्हा, कृष्णा साहू,वसंत जी परमार,राजनंदन गांधी,वाहिद अली, सुरेंद्र यादव,प्रशांत मौर्य, जैनेंद्र अकेला, ओम प्रकाश, संजय कुमार बंटू,मनोज सिंह कुशवाहा सहित अन्य मौजूद रहे।
मनोज की रिपोर्ट