Bihar Weather: नए साल में पड़ेगी हाड़कंपाने वाली ठंड, बारिश ने बढ़ाई कनकनी, जानिए आज किन जिलों में बरसेंगे बदरा

Bihar Weather: नए साल में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। हालांकि शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। लेकिन बारिश के बावजूद लोगों को ठंड का ज्यादा असर महसूस नहीं हुआ।

ठंड
rain increased the cold- फोटो : social media

Bihar Weather: शनिवार को पटना समेत बिहार के कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। देर रात राजधानी के गांधी मैदान सहित कई इलाकों में बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश और बादलों के कारण मौसम में बदलाव आया, जिससे 23 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट और 16 शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

तापमान में मामूली बदलाव

आज के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन कल से अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है। रविवार की सुबह कई जिलों में कोहरा देखने को मिला, और ठंड में हल्की वृद्धि महसूस की गई।

दिन में बादल, रात में ठंड

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। खगड़िया, राजगीर, और किशनगंज में सबसे अधिक तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि समस्तीपुर के पूसा में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री और न्यूनतम 14.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के बावजूद ठंड का एहसास नहीं

बारिश के बावजूद लोगों को ठंड का ज्यादा असर महसूस नहीं हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में बड़ा बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, बादलों के छंटने के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक का विश्लेषण

मौसम की मानें तो ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण त्रिपुरा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। 1 जनवरी 2025 से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव डाल सकता है। इसके अलावा, 3 जनवरी 2025 से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इन मौसमी प्रभावों के कारण बिहार के दक्षिण-पश्चिम जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि अन्य जगहों पर हल्का से मध्यम कोहरा है।


आज के लिए मौसम पूर्वानुमान

29 दिसंबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, और खगड़िया में हल्की बारिश का अनुमान है। वहीं, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल, और औरंगाबाद में घना कोहरा छाया रहेगा। अन्य जिलों में सुबह मध्यम कोहरा और दिन में आंशिक बादल रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 24°C से 26°C और न्यूनतम तापमान 9°C से 12°C के बीच रहने की संभावना है।

आंकड़ों में मौसम

28 दिसंबर को खगड़िया, राजगीर, और किशनगंज में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.5°C और समस्तीपुर के पूसा में न्यूनतम तापमान 9.2°C रिकॉर्ड किया गया। हवा की गुणवत्ता के लिहाज से सीवान सबसे प्रदूषित रहा, जहां AQI 344 दर्ज हुआ। पटना के खगौल का AQI 298, एयरपोर्ट का 321, इको पार्क का 242, तारामंडल का 302 और गांधी मैदान का AQI 247 रिकॉर्ड किया गया।

Editor's Picks