बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा के बाद जमुई पहुंचे ईशान किशन : डीएम से की मुलाकात, पर्यटन स्थलों से हुए अवगत

जमुई डीएम से मिले ईशान किशन- फोटो : सुमित कुमार

Jamuai : भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ईशान किशन ने देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद लौटते समय जिला पदाधिकारी के आवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान जिला पदाधिकारी और ईशान किशन के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई, जिसमें उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर, खेल यात्रा और मैदान पर मिले अनुभवों को साझा किया।


जिलाधिकारी ने जमुई की प्राकृतिक, धार्मिक व ऐतिहासिक विरासत से कराया अवगत

बातचीत के क्रम में जिलाधिकारी ने ईशान किशन को जमुई जिले की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक व ऐतिहासिक महत्ता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भगवान महावीर की जन्मस्थली के रूप में जमुई की विशिष्ट पहचान का उल्लेख करते हुए जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को रेखांकित किया।


नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी, गिद्धेश्वर वन्य क्षेत्र व पंचभूर झरना की दी गई जानकारी

जिलाधिकारी ने नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी, गिद्धेश्वर वन्य क्षेत्र और पंचभूर झरना सहित जमुई के प्रमुख प्राकृतिक व पर्यटन स्थलों की विशेषताओं से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान इन स्थलों की जैव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की विविध संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


रुचि के साथ सुनी जानकारियां, जमुई पुनः आने की जताई इच्छा

जिला पदाधिकारी द्वारा साझा की गई जानकारियों को ईशान किशन ने काफी रुचि और उत्सुकता के साथ सुना। जमुई की प्राकृतिक संपदा, धार्मिक विरासत और पर्यटन स्थलों के बारे में जानकर उन्होंने जमुई दोबारा आने की इच्छा व्यक्त की।


खेल हस्तियों के जुड़ाव से जिले की पहचान व पर्यटन को नई गति की उम्मीद

इस मुलाकात के दौरान खेल अनुभवों के साझा होने के साथ-साथ जमुई की सांस्कृतिक व प्राकृतिक धरोहरों को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ। जिले की पहचान और पर्यटन स्थलों को लेकर जताई गई इस उत्सुकता से क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को लेकर सकारात्मक माहौल बनने की उम्मीद है।


सुमित की रिपोर्ट