बिहार टेंडर घोटाला: हाईकोर्ट ने ईडी के संयुक्त निदेशक और एसवीयू के एडीजी को किया तलब, 4 दिसंबर को अगली सुनवाई
बिहार में सरकारी टेंडरों में कथित हेराफेरी और करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में पटना हाईकोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 4 दिसंबर 2026 तय की है। कोर्ट ने अगली सुनवाई के दौरान ईडी के संयुक्त निदेशक और एसयूबी के एडीजी को उपस्थित रहने....
Patna : बिहार के सरकारी टेंडरों में कथित हेराफेरी और करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले पर पटना हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 4 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है। जस्टिस सत्यव्रत वर्मा की एकलपीठ ने याचिकाकर्ता रिषु श्री के मामले की सुनवाई करते हुए ईडी के संयुक्त निदेशक और विशेष निगरानी इकाई (SVU) के अपर महानिदेशक (ADG) से अगली सुनवाई में उपस्थित होने का अनुरोध किया है, जबकि सुनवाई से पहले एसवीयू ने सबूतों, जांच प्रगति और आरोपी की भूमिका का 80 पृष्ठों का स्टेटमेंट ऑफ फैक्ट दाखिल किया है ताकि जमानत का मजबूती से विरोध किया जा सके।
कोर्ट की फटकार के बाद ईडी की तेज कार्रवाई, 6 आईएएस अधिकारियों से पूछताछ
आर्थिक अपराधों की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। 15 अक्टूबर 2026 की सुनवाई में कोर्ट द्वारा जांच की धीमी गति और बड़े अधिकारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई न होने पर कड़ी फटकार लगाए जाने के बाद ईडी ने आईएएस अधिकारियों आनंद किशोर, अभिलाषा शर्मा, सुनील कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार भल्ला और योगेश्वर सागर से पूछताछ की।
'मोहरा' और बड़े अधिकारियों को बचाने की आशंका पर हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणी
पिछली सुनवाइयों में हाईकोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस मामले में कुछ बड़े अधिकारियों को बचाने और कुछ लोगों को जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है, जबकि कानून की नजर में सभी समान हैं। कोर्ट ने यह भी कहा था कि भले ही ईडी याचिकाकर्ता रिषु श्री को मुख्य सूत्रधार बता रही हो, लेकिन उपलब्ध तथ्यों के आधार पर याचिकाकर्ता महज एक 'मोहरा' लगती है और असली मास्टरमाइंड पर्दे के पीछे छिपे हैं।
छह अधिकारियों के इनपुट, तीन पर एफआईआर और शेष पर उठे सवाल
कोर्ट के अनुसार, ईडी ने अपने जवाब में बताया था कि उसने छह वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के विरुद्ध विश्वसनीय इनपुट साझा किए थे, जिसके बाद मुमुक्षु चौधरी, तरणी दास और उमेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, जबकि बाकी अधिकारियों की भूमिका और कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हाईकोर्ट ने एसवीयू के एडीजी को पक्षकार बनाते हुए हलफनामा दाखिल कर यह स्पष्ट करने को कहा था कि पीएमएलए की धारा 66 के तहत साझा सूचना के आधार पर दर्ज कांड (SVU PS Case No. 05/2025) में संजीव हंस के अलावा अन्य नाम थे या नहीं, सभी छह के नाम एफआईआर में क्यों नहीं आए और संदिग्ध अधिकारियों को समन क्यों नहीं भेजा गया।
ईडी के जवाब को टालमटोल वाला बताया, 4 दिसंबर की सुनवाई पर निगाहें
हाईकोर्ट ने ईडी के जवाब को कुछ अहम बिंदुओं पर टालमटोल वाला करार दिया और स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच ईडी कर सकती है। न्यायिक हिरासत में बंद याचिकाकर्ता के मामले में कोर्ट के कड़े रुख के बाद अब एसवीयू व ईडी के रुख और 4 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।