भागलपुर में पहली बार होगा ANGA-2026 राष्ट्रीय सम्मेलन: स्मार्ट खेती, AI और आत्मनिर्भर कृषि पर दो दिनों तक होगी चर्चा
भागलपुर के बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 28 और 29 नवंबर को भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA) का स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन एवं ANGA-2026 राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा।बिहार में पहली बार यह आयोजन हो रहा है...
Bhagalpur : भागलपुर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 28 और 29 नवंबर को भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA) का स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन तथा ‘Advancements for Next Generation Agriculture (ANGA-2026)’ राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। बिहार में पहली बार हो रहे इस आयोजन में देशभर के 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों सहित 250 से अधिक कृषि वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, नीति-निर्माता, अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और कृषि स्टार्टअप उद्यमी भाग लेंगे।
विकसित भारत-2047, आत्मनिर्भर कृषि और NEP-2020 पर व्यापक चर्चा
दो दिवसीय सम्मेलन में भारतीय कृषि को आधुनिक, टिकाऊ, जलवायु-अनुकूल, तकनीक आधारित और किसान केंद्रित बनाने पर मंथन किया जाएगा, साथ ही विकसित भारत-2047 और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने में कृषि विश्वविद्यालयों की भूमिका पर विचार होगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कृषि शिक्षा को बहुविषयक, कौशल आधारित और रोजगारपरक बनाने के साथ स्मार्ट कृषि, एआई, डिजिटल कृषि, उद्यानिकी, पशु-मत्स्य विज्ञान, वन हेल्थ, स्टार्टअप प्रदर्शनी और किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र व पैनल परिचर्चा होगी।
गिरिराज सिंह, श्रवण कुमार व अन्य अतिथियों की उपस्थिति, कई प्रकाशनों का विमोचन
सम्मेलन के पहले दिन 28 नवंबर को केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद और ICAR के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. यशपाल सिंह मलिक की उपस्थिति प्रस्तावित है, जिनके द्वारा ‘सुगंधा : आवश्यक तेल संग्रह’, सम्मेलन स्मारिका, कृषि समस्या समाधान कोश, Farmers’ E-Directory और Farm Connect सहित अन्य प्रकाशनों का विमोचन किया जाएगा। वहीं 29 नवंबर को ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद अजय मंडल और NDDB के सलाहकार डॉ. ओम वीर सिंह की सहभागिता प्रस्तावित है, जिस दिन ASSIST Programme, Sabour Declaration, ANGA-2026 Book of Abstracts और Policy Book का शुभारंभ व विमोचन होगा।
मखाना, सिंदूर पार्क और स्टार्टअप नवाचारों में विश्वविद्यालय की विशेष पहचान
वर्ष 1908 में स्थापित बिहार कृषि महाविद्यालय की ऐतिहासिक विरासत से जुड़े इस विश्वविद्यालय ने मखाना की 345 जर्मप्लाज्म प्रविष्टियों के संरक्षण, ‘सबौर मखाना-1’ विकसित करने तथा देश का पहला सिंदूर पार्क स्थापित करने जैसे क्षेत्रों में विशेष पहचान बनाई है। विश्वविद्यालय में 25 से अधिक उन्नत प्रयोगशालाएं, SABAGRIs कार्यक्रम, इनक्यूबेशन सेंटर और सामुदायिक रेडियो FM Green Sabour के माध्यम से अनुसंधान, स्टार्टअप और किसानों तक तकनीक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
सबौर घोषणा-पत्र से तय होगी भविष्य की दिशा, कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने बताया गौरवपूर्ण
सम्मेलन के निष्कर्षों को ‘सबौर घोषणा-पत्र’ के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे कृषि विश्वविद्यालयों के बीच अनुसंधान, शिक्षा व प्रसार में सहयोग, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण और कृषि उद्यमिता को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने कहा कि ANGA-2026 बिहार और भागलपुर के लिए गौरव का विषय है तथा यह आयोजन कृषि शिक्षा, नवाचार और किसान कल्याण के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।