Bihar News : कैमूर में दो कारों पर लोड 70 लाख का गांजा पुलिस ने किया जब्त, मौके से दो महिलाओं सहित 8 तस्करों को दबोचा

Bihar News : दुर्गावती थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य का 66.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

70 लाख का गांजा जब्त - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले के दुर्गावती थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य का 66.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रहने वाले बताये जा रहे हैं।

मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्णा ने बताया कि दुर्गावती थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-19 के दक्षिणी लेन पर धनेक्षा पेट्रोल पंप के पास दो संदिग्ध वाहन खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और वहां खड़े वाहनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक सफेद रंग की मारुति एक्सएल-6 कार (UP53 FR 8654) की डिक्की से 66.330 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। डीएसपी के अनुसार, मौके पर की गई सख्त पूछताछ में पता चला कि बगल में खड़ी एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (UP53 FQ 7868) तस्करी के दौरान लाइनर का काम कर रही थी। पुलिस ने दोनों कारों को जब्त करने के साथ ही सभी आरोपियों के पास से एक-एक यानी कुल आठ स्मार्टफोन भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरखपुर जिले के बड़हलगंज निवासी सिद्धार्थ शुक्ला (20), रामगढ़ताल निवासी रवि कुमार भारती (19), सहजनवा निवासी वंदना निषाद (23) और राजघाट निवासी वंदना निषाद (29) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बिहार से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के चंदौली के रास्ते वापस गोरखपुर की ओर जा रहे थे।

पुलिस ने इस संबंध में दुर्गावती थाना कांड संख्या 515/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डीएसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

देवब्रत की रिपोर्ट