गौरव राय की अनूठी पहल: शादी की 26वीं सालगिरह पर जरूरतमंद महिला को दिया सिलाई मशीन

गौरव राय के अनुसार, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की इस मुहिम के तहत अब तक बिहार में 355 सिलाई मशीनें वितरित की जा चुकी हैं। यह काम किसी एनजीओ के माध्यम से नहीं, बल्कि परिवार, मित्रों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के आपसी सहयोग से किया जा रहा है।

Gaurav Rai
Gaurav Rai - फोटो : news4nation

Bihar News :  शादी की सालगिरह पर लोग आमतौर पर जश्न मनाते हैं और एक-दूसरे को उपहार देते हैं, लेकिन पटना के गौरव राय और उनकी पत्नी अरुणा भारद्वाज ने अपनी 26वीं शादी की सालगिरह को एक जरूरतमंद महिला की जिंदगी में खुशियां लाने का अवसर बनाया। 23 नवंबर 2026 को पटना के बिग्रहपुर स्थित अपने कार्यालय में गौरव राय ने आरा के संदेश की रहने वाली रिंकू देवी को सिलाई मशीन भेंट की। रिंकू देवी फिलहाल पटना के राजीव नगर में रहती हैं और सिलाई-कटाई का काम करती हैं। अब तक वह दूसरे की सिलाई मशीन पर काम कर अपना गुजारा करती थीं।


इस पहल में ‘भूमिहार महिला समाज’ की संस्थापक प्रीति प्रिया ने रिंकू देवी के नाम का सुझाव दिया था। गौरव राय ने कहा कि अपनी शादी की सालगिरह पर किसी जरूरतमंद को आत्मनिर्भर बनाने से बेहतर उपहार और क्या हो सकता है। उन्होंने बताया कि उनके हर सामाजिक कार्य में पत्नी अरुणा भारद्वाज का पूरा सहयोग मिलता है। अरुणा एसबीआई लाइफ में कार्यरत हैं।


355 महिलाओं को मिला स्वरोजगार का सहारा

गौरव राय के अनुसार, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की इस मुहिम के तहत अब तक बिहार में 355 सिलाई मशीनें वितरित की जा चुकी हैं। यह काम किसी एनजीओ के माध्यम से नहीं, बल्कि परिवार, मित्रों और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के आपसी सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में 275 सिलाई मशीनों से जुड़ी महिलाओं की औसत मासिक कमाई करीब 2,900 रुपये रही है। कुछ महिलाएं 12 हजार रुपये से अधिक कमा रही हैं, जबकि सबसे कम दर्ज कमाई 1,400 रुपये रही।


गौरव राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अभी बहुत काम करने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी जरूरतमंद महिला के लिए पांच हजार रुपये की सिलाई मशीन उसके परिवार के भरण-पोषण का मजबूत सहारा बन सकती है।


बिना एनजीओ के हजारों जरूरतमंदों तक मदद

गौरव राय के मुताबिक, आपसी सहयोग से अब तक 355 सिलाई मशीनों के अलावा 330 साइकिलें और 152 स्कूलों एवं कॉलेजों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही करीब छह हजार कॉपियां, एक हजार पेन-पेंसिल और ग्रामीण स्कूलों के बच्चों के लिए 12 हजार से अधिक जोड़ी जूते-चप्पल वितरित किए गए हैं। जरूरत के मुताबिक महिलाओं को प्रेशर कुकर, इंडक्शन, बर्तन और मिक्सर जैसी चीजें भी दी गई हैं।


उन्होंने बताया कि एकंगरसराय के संजीव कुमार हर महीने 2,500 बच्चों के लिए कॉपी, पेन और पेंसिल उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हैं। लोग अब जन्मदिन, शादी की सालगिरह और पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर भी जरूरतमंदों की मदद के लिए खुद आगे आ रहे हैं। 107 बार रक्तदान कर चुके गौरव राय युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं। उनका कहना है कि जरूरतमंदों को खोजकर उनकी जरूरत पूरी करना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस अभियान का असली उद्देश्य है।