पंजाब में NDA की वापसी तय! भाजपा-अकाली गठबंधन पर मंगल पांडेय का बड़ा दावा
मंगल पांडेय ने कहा कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का संबंध कोई नया राजनीतिक समीकरण नहीं है। दोनों दलों के बीच औपचारिक गठबंधन की शुरुआत पिछले कई दशकों से हुई है। दोनों दलों ने मिलकर पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Bihar News : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए असम प्रभारी, पूर्व मंत्री एवं बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष री मंगल पांडेय ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का एक बार फिर साथ आना पंजाब की राजनीति के लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में हुई इस घोषणा से एनडीए का पंजाब में राजनीतिक स्वरूप एक बार फिर व्यापक हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने राष्ट्रीय स्तर पर अनेक क्षेत्रीय दलों को साथ लेकर गठबंधन की राजनीति को आगे बढ़ाया है।
मंगल पांडेय ने कहा कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का संबंध कोई नया राजनीतिक समीकरण नहीं है। दोनों दलों के बीच औपचारिक गठबंधन की शुरुआत पिछले कई दशकों से हुई है। दोनों दलों ने मिलकर पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1997 से 2002 तथा 2007 से 2017 तक दोनों दलों ने मिलकर राज्य में सरकार चलाई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में गठबंधन सरकारों ने पंजाब की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। पुनः दोनों दलों के साथ आने का फैसला दोनों दलों के संबंधों में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि एनडीए की ताकत उसकी व्यापक राजनीतिक भागीदारी और विभिन्न राज्यों में क्षेत्रीय दलों के साथ समन्वय में निहित है। पंजाब देश की सुरक्षा, कृषि, उद्योग, व्यापार और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण राज्य है। सीमावर्ती राज्य होने के कारण यहां सुरक्षा के साथ-साथ युवाओं के रोजगार, किसानों की आर्थिक स्थिति, उद्योगों के विकास और सामाजिक सद्भाव जैसे विषय खास हैं। पंजाब में नशे की समस्या, युवाओं के पलायन, रोजगार के अवसरों की कमी, कृषि क्षेत्र की चुनौतियां और राज्य की आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दे राजनीतिक विमर्श के केंद्र में हैं जिसे मौजूदा सरकार ने नजरअंदाज किया।