वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में ठोका वर्ल्ड रिकॉर्ड शतक, बिहार के लाल ने सबसे तेज शतक से दुनिया को चौंकाया

वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च 2011 को बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर में हुआ था। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बेहद कम उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Vaibhav Sooryavanshi
Vaibhav Sooryavanshi- फोटो : news4nation

 बिहार के समस्तीपुर से निकलकर क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बना रहे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए चर्चा में रहने वाले इस युवा बल्लेबाज ने UAE के खिलाफ महज 28 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव ने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 29 गेंदों में शतक लगाया था। महज 15 साल की उम्र में वैभव की इस उपलब्धि ने बिहार के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट को भी गौरवान्वित किया है।


दोहा में खेले जा रहे ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में भारत-A की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव ने पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और 28 गेंदों में शतक पूरा कर इतिहास रच दिया। उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा भी पार किया। इस पारी के साथ उन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक और सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।


कौन हैं बिहार के वैभव सूर्यवंशी?

वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च 2011 को बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर में हुआ था। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने बेहद कम उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए कई शानदार पारियां खेली हैं। IPL में वह राजस्थान रॉयल्स की ओर से भी खेल चुके हैं। अंडर-19 क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। कम उम्र में ही उनकी बल्लेबाजी की चर्चा देश और विदेश में होने लगी है।


सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची

वैभव ने इस उपलब्धि के साथ कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक का पिछला रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम था।


वैभव सूर्यवंशी – 28 गेंद


जेक फ्रेजर-मैकगर्क – 29 गेंद


एबी डिविलियर्स – 31 गेंद


साकिबुल गनी – 32 गेंद


ईशान किशन – 33 गेंद


हरप्रीत सिंह भाटिया के शतक से UAE ने बनाए 249 रन


इस मुकाबले में UAE ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और महज 20 रन पर दो विकेट गिर गए। इसके बाद भारतीय मूल के हरप्रीत सिंह भाटिया ने 144 गेंदों में 130 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान बेसिल हमीद 36 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से अरशद खान ने चार विकेट हासिल किए। भारत-A के सामने जीत के लिए 250 रन का लक्ष्य था।