Bihar News : कटिहार पुलिस लाइन में पकड़ा गया फर्जी पुलिसकर्मी, 12 दिनों तक हाई-सिक्योरिटी जोन में रहा आरोपी, जांच में जुटी पुलिस
Bihar News :कटिहार में एक व्यक्ति पिछले 12 दिनों से खुद को पुलिसकर्मी बताकर पुलिस लाइन में रह रहा था. जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है.....पढ़िए आगे
KATIHAR : कटिहार से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर पिछले 12 दिनों से कटिहार पुलिस लाइन में रह रहा था। पुलिस लाइन जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में इतने लंबे समय तक किसी फर्जी व्यक्ति के रहने की भनक सुरक्षा तंत्र को न लगना एक गंभीर सुरक्षा चूक की ओर इशारा करता है, जिस पर अब पुलिस महकमा गहन जांच कर रहा है।
मूल रूप से सहरसा जिले का रहने वाला आरोपी दीपक कुमार आखिर फर्जी पुलिसकर्मी बनकर पुलिस लाइन में क्यों रह रहा था और उसका असली मकसद क्या था, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
सदर डीएसपी ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने इस तरह रहने के पीछे किस साजिश या फायदे को साधने की कोशिश की थी।
किसी भी जिले की पुलिस लाइन अत्यधिक सुरक्षा और कड़े नियमों के दायरे में आती है। ऐसे में कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के भीतर इस तरह की सेंधमारी कैसे संभव हुई, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। फिलहाल, कटिहार पुलिस इस बात की भी तहकीकात कर रही है कि इस अवधि के दौरान उसकी गतिविधियां क्या थीं और क्या इस मामले में किसी अन्य की संलिप्तता है या नहीं।
श्याम की रिपोर्ट