Bihar Crime: कटिहार में चोरी कांड का बड़ा खुलासा! पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा, लाखों की नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद

Bihar Crime: एक दुकान और उसके ऊपर बने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था।चोरी कांड का बड़ा खुलासा पुलिस ने कर दिया है...

चोरी कांड का बड़ा खुलासा- फोटो : SHYAM

KATIHAR : कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नवाबगंज चौक स्थित एक दुकान और उसके ऊपर बने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। जिस वक्त घर के लोग लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर घाट पर अर्घ्य देने गए थे, उसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लेकिन पुलिस की लगातार छापेमारी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आगे आरोपियों की चालाकी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 सुनील कुमार शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि छठ पर्व से पहले अहले सुबह अज्ञात चोरों ने नवाबगंज चौक स्थित दुकान के ऊपर बने मकान में गृहभेदन कर नकदी, जेवरात समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पीड़ित ने कुरसेला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, वैज्ञानिक अनुसंधान किया और मानवीय सूचना के आधार पर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। इसी कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में बरारी थाना क्षेत्र के ठाकुरपट्टी निवासी कुंदन कुमार (22), बड़ी भैंसदियारा निवासी मनोज मंडल (26), कोढ़ा थाना क्षेत्र के नंदग्राम जरलाही निवासी कुंदन कुमार (26) और पोठिया थाना क्षेत्र के सबदा नवटोलिया निवासी प्रिंस कुमार (25) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकदी और मोबाइल फोन समेत चोरी से जुड़े सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने इस मामले में 3 लाख 63 हजार रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और सोने-चांदी के कुछ सामान बरामद होने की जानकारी दी है। हालांकि, पुलिस के अनुसार, चोरी गए बाकी सामानों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह