Bihar News: कुरसेला अग्निकांड पर सियासी तपिश, बेटे का फर्ज़ निभाने पहुंचे पप्पू यादव, सरकार पर साधा सीधा निशाना

Bihar News: 15 फरवरी को कुरसेला प्रखंड के हाट बाजार मंडी में लगी भीषण आग ने करीब दो सौ छोटे-बड़े दुकानों को राख में तब्दील कर दिया।

कुरसेला अग्निकांड पर सियासी तपिश- फोटो : reporter

Bihar News: 15 फरवरी को कुरसेला प्रखंड के हाट बाजार मंडी में लगी भीषण आग ने करीब दो सौ छोटे-बड़े दुकानों को राख में तब्दील कर दिया। करोड़ों रुपये के नुकसान से कारोबारियों के सपने खाक हो गए। इस त्रासदी के बाद सियासी गलियारों में भी हलचल तेज हो गई।

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पीड़ितों के बीच पहुंचे और करीब 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। बड़े दुकानदारों को बंद लिफाफे में 10-10 हजार रुपये का चेक और छोटे कारोबारियों को 5-5 हजार रुपये नकद वितरित किए गए। पप्पू यादव अक्सर राहत बांटते हुए नजर आते हैं, और इस बार भी उनका वीडियो सुर्खियों में है।

हालांकि इस बार उन्होंने साफ किया कि यह रकम उनकी निजी जेब से नहीं, बल्कि उनके परिचितों और दुबई में मौजूद जान-पहचान के लोगों की मदद से जुटाई गई है। उन्होंने कहा कि तबीयत ठीक नहीं होने के बावजूद वे सीमांचल के दर्द में शरीक होने आए हैं। “सीमांचल मेरी जिंदगी है, ऐसे वक्त में बेटे का फर्ज निभाना था,” उन्होंने भावुक लहजे में कहा।

साथ ही उन्होंने राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों पर तंज कसते हुए कहा कि जो काम सरकार को करना चाहिए, वह उन्हें करना पड़ रहा है। इशारों-इशारों में MLC और MLA पर राजनीति करने का आरोप लगाया और सरकार से मांग की कि “गरीबों को मत मरवाइए।”

अग्निकांड के बाद अब तक प्रशासनिक राहत की रफ्तार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि मुआवजे की घोषणा जल्द होनी चाहिए, ताकि वे दोबारा अपने पैरों पर खड़े हो सकें।

इस पूरे घटनाक्रम ने राहत और राजनीति के बीच की रेखा को फिर धुंधला कर दिया है। एक तरफ मानवीय सहायता का दावा, दूसरी तरफ सरकार पर सीधा हमला कुरसेला की राख से सियासी चिंगारियां भी उठती दिख रही हैं। अब देखना यह है कि सरकार इस मुद्दे पर क्या ठोस कदम उठाती है और पीड़ित परिवारों को स्थायी राहत कब तक मिलती है।

रिपोर्ट-  श्याम कुमार सिंह