Bihar Budget Session: बिहार में दोगुना होगा विधायक फंड! सदन में एकजुट हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता, नीतीश सरकार से की मांग

Bihar Budget Session: बिहार में विधायक फंड को दोगुना होगा। 4 करोड़ के विधायक फंड को 8 करोड़ करने की मांग विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने की है। सरकार ने इस पर विचार करने का कहा है.

बिहार विधानसभा
दोगुना हो विधायक फंड!- फोटो : News4nation

Bihar Budget Session:  बिहार विधानसभा का बजट सत्र जारी है। बजट सत्र का आज 13वां दिन है। आज की कार्यवाही के दौरान सदन में पक्ष विपक्ष के विधायकों ने बड़ी मांग की है। विधायकों ने विधायक फंड को दोगुना करने की मांग की। दरअसल, बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना की राशि बढ़ाने को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एक सुर में नजर आए। विधायकों ने ध्यान आकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से मांग उठाई कि योजना के तहत मिलने वाली राशि को 4 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये किया जाए।

8 करोड़ रुपए हो विधायक फंड 

कई विधायकों ने कहा कि वर्तमान राशि से क्षेत्र में विकास कार्यों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। बढ़ती आबादी, महंगाई और आधारभूत संरचना की मांग को देखते हुए निधि दोगुनी करना आवश्यक है, ताकि सड़क, सामुदायिक भवन, पेयजल और अन्य स्थानीय परियोजनाओं को गति मिल सके। बीजेपी के विधायक प्रमोद कुमार ने इसकी मांग सदन में की जिसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने भी इस पर सहमति दिखाई।

विजय सिन्हा का जवाब 

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने विधायकों की मांग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि योजना एवं विकास मंत्री इस मामले की समीक्षा करेंगे और यदि आवश्यक हुआ तो सरकार उचित घोषणा भी करेगी।

सरकार गंभीरता से करेगी विचार 

वहीं, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम ने कहा कि चूंकि संबंधित मंत्री सदन में उपस्थित नहीं हैं, इसलिए फिलहाल प्रश्न को स्थगित किया जाता है। मंत्री की उपस्थिति में इस मुद्दे को दोबारा सदन में उठाया जाएगा। सदन में इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष का एकमत होना चर्चा का विषय बना रहा। अब सभी की नजर सरकार के आगामी फैसले पर टिकी है।