गांधी जयंती पर सड़क पर उतरे कांग्रेसी: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मांगा इस्तीफा

गांधी जयंती की मौके पर मधेपुरा जिला में पदयात्रा निकाल गांधीवादी सिद्धांतों, अहिंसा और जन अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग की.....

गांधी जयंती पर सड़क पर उतरे कांग्रेसी- फोटो : नरोत्तम कुमार

Madhepura : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर मधेपुरा जिला कांग्रेस कमेटी ने सड़कों पर उतरकर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेते हुए एक विशाल पदयात्रा निकाली।


मधेपुरा जिला परिषद मैदान तक निकली एकजुटता पदयात्रा

बिहार प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सह मधेपुरा जिला प्रभारी डॉ. मृणाल यादव की अध्यक्षता में इस पदयात्रा का सफल आयोजन किया गया। जिला परिषद मैदान तक निकाली गई इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेसजनों ने गांधीवादी सिद्धांतों, अहिंसा और जन अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा संघर्ष: डॉ. मृणाल यादव 

कार्यक्रम के दौरान NEWS4nation से बातचीत करते हुए डॉ. मृणाल यादव ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मधेपुरा से शुरू हुई यह पदयात्रा महज एक शुरुआत है और आने वाले दिनों में इसका संदेश पूरे बिहार में फैलेगा। उन्होंने कहा कि "कांग्रेस के बब्बर शेर" जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं ले लेते, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।


संविधान और लोकतंत्र को बचाने का लिया गया दृढ संकल्प

बापू की जयंती के पावन अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश में संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता बनाए रखने पर जोर दिया। डॉ. मृणाल यादव ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने की सख्त जरूरत है, और बापू की जयंती के दिन सभी कार्यकर्ताओं ने एक होकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया है। 


नरोत्तम की रिपोर्ट