कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ पदयात्रा’ का समापन, पप्पू यादव बोले- असहमति का सम्मान लोकतंत्र की पहचान
पप्पू यादव ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान जरूरी है और कमजोर व्यक्ति की गरिमा की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
Bihar News : अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ‘संविधान बचाओ पदयात्रा’ और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. मृणाल यादव के नेतृत्व में निकली 13 दिवसीय पदयात्रा के शुक्रवार को समापन कार्यक्रम में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। जिला परिषद विवाह भवन में आयोजित समारोह में पप्पू यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का संविधान समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकार और गरिमा की रक्षा का आधार है। उन्होंने कहा कि गांधी ने परोपकार और मानवता को महत्व दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पप्पू यादव ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान जरूरी है और कमजोर व्यक्ति की गरिमा की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संकल्प लेने की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मिन्नत रहमानी को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी। साथ ही उन्होंने गांवों और समाज में बढ़ते नशीले पदार्थों के कारोबार पर चिंता जताते हुए प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता बताई।
आयोजक डॉ. मृणाल यादव ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के विचारों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनसंपर्क और जनजागरण अभियान लगातार चलाने की जरूरत है।
इस दौरान डॉ. मृणाल यादव ने पप्पू यादव को संबोधित करते हुए उन्हें ‘बिहार का डायल 112’ बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी विपदा, हत्या या बाढ़ जैसी स्थिति में पप्पू यादव मौके पर पहुंचने का प्रयास करते हैं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सौरभ चौधरी, विधायक मनोज विश्वास, रामकुमार यादव, देवराज अर्श, प्रमोद यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
नरोत्तम की रिपोर्ट