Bihar Crime - रंगदारी नहीं देने पर पुल निर्माण कार्य में लगे मुंशी की हत्या, दम तोड़ने से पहले बता दिया किसने मारी गोली
Bihar Crime - रंगदारी नहीं देने पर पुल निर्माण कार्य के मुंशी की गोली मारकर हत्या कर दी। मरने से पहले मुंशी ने अपना बयान पुलिस को दे दिया है।
Madhepura - बिहार के मधेपुरा और भागलपुर जिले की सीमा पर एक पुल निर्माण स्थल पर 24 वर्षीय वैभव कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वैभव काम की देखरेख कर रहे थे, तभी हथियार और लाठी-डंडों से लैस छह से अधिक हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। जब उन्होंने विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर कई गोलियां चलाईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बीते गुरुवार की बतायी जा रही है।
इलाज के दौरान मौत
स्थानीय लोगों ने तुरंत वैभव को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृत्यु से पहले मुखिया पति पर लगाए आरोप
अपनी मृत्यु से पहले, वैभव ने चौसा पुलिस को दिए गए बयान में वर्तमान मुखिया पति सुशील यादव, उनके बेटे, भाई और 4-5 अज्ञात लोगों पर हमले का आरोप लगाया। वैभव ने बताया कि सुशील यादव उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। उन्होंने 30 जुलाई को हुए पहले के हमले और धमकी का भी जिक्र किया, जिसके बारे में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
वैभव की मां शोभा देवी ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पहले भी मारपीट की शिकायत की गई थी, लेकिन अगर पुलिस ने समय पर कार्रवाई की होती, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ने गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।