परिमार्जन के नाम पर रिश्वत ले रहा था राजस्व कर्मचारी का दलाल, निगरानी की टीम ने रंगे हाथ दबोचा
मोतिहारी जिले में जमीन के दस्तावेजों में परिमार्जन कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में निगरानी विभाग की टीम ने राजस्व कर्मचारी के एक कथित दलाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया...
Motihari : जिले में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 हजार रुपये रिश्वत लेते एक राजस्व कर्मचारी के दलाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दलाल की पहचान श्याम कुमार के रूप में हुई है, जो जमीन के परिमार्जन के नाम पर रिश्वत ले रहा था। जानकारी के मुताबिक, श्याम कुमार खुद को भाजपा के एक नेता का संबंधी बताकर दबाव बनाने और भूमाफियाओं के लिए काम करने को लेकर पहले भी सुर्खियों में रह चुका है।
डीसीएलआर के फर्जी हस्ताक्षर से जुड़े मामले में भी आया था नाम, रसूख के चलते एफआईआर से बचा था
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले मोतीहारी सदर डीसीएलआर (DCLR) का फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन से जुड़ा फर्जी आदेश पारित करने के मामले में भी श्याम कुमार का नाम चर्चा में आया था। हालांकि, कथित रसूख के कारण अंचलाधिकारी (सीओ) द्वारा प्राथमिकी में उसका नाम दर्ज नहीं किया गया था।
आरोप है कि पीड़ित से परिमार्जन के एवज में दलाल श्याम कुमार और राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी, जिसके बाद देर रात निगरानी टीम ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।
आदापुर के रूपेश शर्मा की शिकायत पर हुई कार्रवाई, गिरफ्तारी के बाद सीओ के फोन बंद
निगरानी विभाग के अनुसार, आदापुर निवासी रूपेश शर्मा ने पटना स्थित निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार और दलाल श्याम कुमार जमीन के परिमार्जन के लिए 8 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद मामला दर्ज कर डीएसपी रणजीत कुमार के नेतृत्व में जांच अधिकारी (IO) मो. इरशाद की टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर सड़क किनारे रिश्वत लेते दलाल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद महकमे में हड़कंप मच गया और सीओ का सरकारी व निजी दोनों मोबाइल नंबर बंद मिलने लगा।
हिमांशु की रिपोर्ट