Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में शराबबंदी की धज्जियां उड़ा रहा पिता-पुत्र का सिंडिकेट; लीची बागान से 10 लाख की शराब पुलिस ने किया बरामद

MUZAFFARPUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद मुजफ्फरपुर जिले में शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में अहियापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर स्थित एक लीची बागान से उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अवैध धंधे के पीछे एक पिता-पुत्र की जोड़ी का नाम सामने आया है, जो लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर शराब का बड़ा कारोबार संचालित कर रहे हैं।

1000 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि राघोपुर के लीची गाछी बागान में शराब की बड़ी खेप उतारी गई है। सूचना के आधार पर की गई त्वरित छापेमारी में एक कार और एक पिकअप वैन को पकड़ा गया, जिस पर तकरीबन 1000 लीटर विदेशी शराब लदी थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से दो तस्करों, चंदन कुमार (अहियापुर) और रोहित कुमार (गायघाट) को गिरफ्तार किया गया है।

आदतन अपराधी हैं पिता-पुत्र की जोड़ी: चंदेश्वर और रौशन

जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड चंदेश्वर राय और उनका पुत्र रौशन कुमार हैं। इन दोनों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इस जोड़ी के ठिकानों से शराब मिली है। पूर्व में भी अहियापुर थाना और उत्पाद थाना में इनके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हो चुके हैं, लेकिन जेल से बाहर आते ही ये फिर से इसी काले कारोबार में जुट जाते हैं। 

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पिता-पुत्र की यह जोड़ी इलाके में शराब तस्करी के लिए कुख्यात है। हालांकि छापेमारी के दौरान दोनों भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने उनकी पहचान सुनिश्चित कर ली है। इंस्पेक्टर ने कहा कि पिछली संलिप्तता को देखते हुए इस बार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

प्रशासन की सख्ती पर माफिया भारी?

मुजफ्फरपुर के अहियापुर क्षेत्र में लगातार हो रही बरामदगी ने शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि पिता-पुत्र की इस जोड़ी को कानून का जरा भी खौफ नहीं है। फिलहाल, पुलिस और उत्पाद विभाग की विशेष टीमें फरार चंदेश्वर राय और रौशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही दोनों सलाखों के पीछे होंगे। 

मणिभूषण की रिपोर्ट