Bihar News : मुजफ्फरपुर में पुलिस पर हमले का मामला, तीन नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ एफआईआर, जांच में जुटी पुलिस

MUZAFFARPUR : जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हुए हमले और हिरासत से आरोपी को छुड़ा लेने के मामले में अब बड़ी कार्रवाई हुई है। News 4 Nation द्वारा प्रमुखता से खबर दिखाए जाने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने इस घटना पर कड़ा संज्ञान लिया। उनके निर्देश के बाद बरियारपुर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना शुक्रवार शाम की है जब बरियारपुर के इमलीचट्टी चौक पर भीषण जाम लगा हुआ था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो और बाइक के बीच टक्कर हो गई, जिससे दोनों पक्षों में विवाद और झड़प शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। जब विवाद नहीं सुलझा, तो पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बिठा लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोग अचानक उग्र हो गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस हंगामे का फायदा उठाकर ग्रामीणों ने पुलिस हिरासत से स्कॉर्पियो ड्राइवर को जबरन छुड़ा लिया। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल से स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया, जिसकी तलाशी लेने पर भारी मात्रा में मिलावटी ताड़ी बरामद की गई है।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें ग्रामीणों को पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। News 4 Nation ने इस खबर को सबसे पहले और विस्तार से दिखाया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। वरीय अधिकारियों के आदेश पर अब पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

फिलहाल इमलीचट्टी चौक और आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा तनाव की स्थिति पैदा न हो। थाना अध्यक्ष ने बताया कि नामजद आरोपियों के साथ-साथ वीडियो फुटेज के आधार पर अज्ञात हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मणिभूषण की रिपोर्ट