महात्मा ज्योतिबा फूले की 136वीं पुण्यतिथि पर मुजफ्फरपुर में आयोजन, फूले दंपत्ति को भारत रत्न देने की उठी मांग
मुजफ्फरपुर के चेंबर ऑफ कॉमर्स सभागार में महात्मा ज्योतिबा फूले की 136वीं पुण्यतिथि समारोहपूर्वक मनाई गई। वक्ताओं ने उनके संघर्षों को याद किया और शहर में आदमकद प्रतिमा लगाने व फूले दंपत्ति को भारत रत्न देने की मांग उठाई।
मुजफ्फरपुर शहर के चेंबर ऑफ कॉमर्स सभागार में माली-मालाकार कल्याण समिति की ओर से समाजसुधारक महात्मा ज्योतिबा फूले की 136वीं पुण्यतिथि समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत ज्योतिबा फूले के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, जिसमें मुख्य अतिथि बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व सह कला संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, नगर विधायक रंजन कुमार, भाजपा के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार व हरिमोहन चौधरी और प्रभात मालाकार शामिल हुए।
सामाजिक समानता और नारी शिक्षा पर वक्ताओं के विचार
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि ज्योतिबा फूले ने सामाजिक समानता, वंचितों के अधिकार और महिला शिक्षा व विधवाओं के आश्रय के लिए आजीवन संघर्ष किया और हर विरोध के बावजूद अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटे। नगर विधायक रंजन कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने घर का जल स्रोत सार्वजनिक कर समानता की मिसाल पेश की, वहीं विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि फूले दंपत्ति के संघर्ष से ही आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
प्रतिमा स्थापना और भारत रत्न की मांग
समारोह के दौरान मुजफ्फरपुर शहर के बीचोंबीच महात्मा ज्योतिबा फूले की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही मौजूद जनप्रतिनिधियों व नेताओं से सदन के माध्यम से फूले दंपत्ति को भारत रत्न दिलाने की दिशा में पहल करने का आग्रह भी किया गया।
मोदी और सम्राट चौधरी के कार्यों का उल्लेख
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभात मालाकार ने कहा कि ज्योतिबा फूले के नारी उत्थान और समानता के संघर्ष को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दलित छात्रावास का नाम सावित्रीबाई फूले के नाम पर रखकर सम्राट चौधरी ने फूले दंपत्ति को सम्मान देने का काम किया है।
अतिथियों का सम्मान और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी
आयोजन के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुधीर मालाकार और धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद भगत ने किया,अध्यक्षता प्रभात मालाकार एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद भगत ने किया।इस दौरान मुजफ्फरपुर पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, मुजफ्फरपुर पश्चिमी जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी,जितेन्द्र मालाकार, प्रशांत मालाकार, राकेश मालाकार, विक्की मालाकार, बजरंगी भगत,राजन मालाकार,पीन्टू मालाकार, रवि मालाकार,विनोद भगत,धीरज भगत,लड्डू गोपाल मालाकार, पारस कुमार, अरूण भगत सहित सैकङो लोग मौजूद रहें।