Bihar News : सारण में मातम में बदली शादी की खुशियाँ, पोखर में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News : सारण में घर के समीप स्थित पोखर में डूबने से आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Bihar News : सारण में मातम में बदली शादी की खुशियाँ, पोखर मे
मासूम की डूबने से मौत - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौतन पश्चिम टोला में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां घर के समीप स्थित पोखर में डूबने से एक आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक बालक की पहचान स्थानीय निवासी अखिलेश कुमार सिंह के पुत्र सार्थक के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सार्थक के पिता अखिलेश कुमार सिंह अपने परिवार के साथ कोलकाता में रहकर काम करते हैं। आगामी 30 नवंबर को गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन होना है, जिसमें शामिल होने के लिए पूरा परिवार हाल ही में अपने पैतृक गांव नौतन पश्चिम टोला आया था। घर में शादी-ब्याह जैसे शुभ आयोजन की तैयारियां चल रही थीं और चारों ओर उत्साह का माहौल था।

बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम सार्थक बिना किसी को बताए घर से बाहर खेलने के लिए निकल गया। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर गांव और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान लोगों की नजर घर के पास स्थित पोखर पर पड़ी, जहां से सार्थक को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया।

परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. वीरेश कुमार ने बच्चे की जान बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान ही सार्थक ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर और गांव में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई और खुशियों की गूंज सुनाई देने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और गहरा शोक व्याप्त है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट