Bihar News : मुजफ्फरपुर में NH-77 पर चलती यात्री बस के इंजन में लगी आग, बाल बाल बचे 30 से अधिक यात्री

Bihar News : मुजफ्फरपुर में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे चलती हुई एक यात्री बस में अचानक आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। कई मशक्कत के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया......पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में NH-77 पर चलती यात्री बस के इंजन
यात्री बस में लगी आग - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर मार्ग पर स्थित एनएच-77 (NH-77) पर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे चलती हुई एक यात्री बस में अचानक आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के समय बस सीतामढ़ी से पटना की ओर जा रही थी, तभी अचानक बस के इंजन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बस से धुआं और आग निकलते देख मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की तत्परता और सहयोग से बस में सवार 30 से अधिक यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आसपास से पानी लाकर बस में लगी आग बुझाने का प्रयास किया और स्थिति को संभालने में मदद की।

इस घटना के कारण कुछ समय के लिए एनएच-77 पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही और वाहनों का आवागमन बाधित होने से जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस बात की जांच करने की मांग की है कि नियमों को ताक पर रखकर संभावित अनफिट वाहन सड़कों पर कैसे दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।

मामले की जानकारी देते हुए रामपुर हरि थाना की थाना प्रभारी अंजली कुमारी ने बताया कि सीतामढ़ी से पटना जा रही यात्री बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में बस के इंजन में खराबी और शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

मणिभूषण की रिपोर्ट