Bihar News : मुजफ्फरपुर में नशे का विरोध करना अधेड़ को पड़ा महंगा, बदमाशों ने गोली मारकर किया जख्मी, अस्पताल में चल रहा है इलाज

Bihar News : मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने नशे का विरोध करने पर अपरधियों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया. घटना के बाद अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.....पढ़िए आगे

अधेड़ को मारी गोली - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के कांटी थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दामोदरपुर गांव निवासी 45 वर्षीय बीरेंद्र कुमार जब सुबह घर से शौच के लिए निकले थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

वारदात की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में घायल बीरेंद्र कुमार को मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार गोली बीरेंद्र के सीने में लगी है, जिसके कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। फिलहाल डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी जान बचाने के लिए गहन उपचार में जुटी हुई है।

घटना के कारणों का खुलासा करते हुए घायल के बड़े भाई ने बताया कि वीरेंद्र सुबह जब शौच के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में एक बागान में गांव के ही कुछ युवक नशा कर रहे थे। नशा कर रहे बदमाशों से वीरेंद्र की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक बदमाश ने आव देखा न ताव और सीधे हथियार निकालकर वीरेंद्र पर फायरिंग कर दी, जिससे वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद अस्पताल पहुँचकर घायल और उनके परिजनों से पूछताछ की है। पुलिस टीम गांव और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने की दिशा और उनकी पहचान का पुख्ता सुराग मिल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि पुलिस अपराधियों के बेहद करीब है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि नशा करने वाले तत्वों और गांव में अशांति फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

मणिभूषण की रिपोर्ट