Bihar Fire News:सुबह-सुबह धधका मुजफ्फरपुर, दुकान में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति हुई खाक

Bihar Fire News:एक कपड़े की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। चंद मिनटों में ही ये चिंगारी आग का तूफान बन गई और पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

दुकान में लगी भीषण आग- फोटो : reporter

Bihar Fire News: मुजफ्फरपुर से एक खौफनाक मंजर सामने आया, जहां सुबह की खामोशी अचानक चीख-पुकार और धुएं के गुबार में तब्दील हो गई। सरैया थाना क्षेत्र के सरैया बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़े की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। चंद मिनटों में ही ये चिंगारी आग का तूफान बन गई और पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में हल्का धुआं उठता दिखा, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान के अंदर रखे कपड़े जो खुद आग पकड़ने में बेहद संवेदनशील होते हैं ने लपटों को और भड़काने का काम किया। हालात ऐसे हो गए कि आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया और आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई।

घटना की खबर मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी दुकान में रखा लाखों रुपए का माल जलकर खाक हो चुका था।

इस आगजनी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या ये महज शॉर्ट सर्किट का मामला है या फिर इसके पीछे कोई साजिश की बू भी छिपी है? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है और आग लगने के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंचतीं, तो आग आसपास की कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। सरैया बाजार की ये घटना एक बार फिर ये सोचने पर मजबूर करती है कि क्या बाजारों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं? या फिर हर बार हादसे के बाद ही सिस्टम की नींद टूटती है?

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा