Muzaffarpur liquor seizure: मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी पर पुलिस का वार! बोलेरो से 496 लीटर शराब बरामद, तस्कर फरार

Muzaffarpur liquor seizure: मुजफ्फरपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने बोलेरो से 496 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद किया। हालांकि, तस्कर मौके से फरार हो गए।

शराब तस्करों पर शिकंजा!- फोटो : social media

Muzaffarpur liquor seizure: बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत मनियारी थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। रात में गश्ती के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की। हालांकि, पुलिस को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मनियारी थाना की टीम रघुनाथपुर-मधुबन इलाके में रात के समय गश्त कर रही थी। तभी लीची गाछी चौराहा के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो अचानक रुक गई। पुलिस को शक हुआ तो टीम गाड़ी की ओर बढ़ी, लेकिन इससे पहले ही चालक गाड़ी छोड़कर झाड़ियों में भाग गया। पुलिस ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

गाड़ी की जांच में 54 पेटियां मिलीं

पुलिस ने जब गाड़ी की जांच की तो अंदर छिपाकर रखी गई 54 पेटियां मिलीं। इन पेटियों में कुल 496 लीटर विदेशी शराब और बीयर रखी हुई थी। इतनी बड़ी मात्रा देखकर पुलिस भी चौंक गई। तुरंत गाड़ी और शराब को जब्त कर थाने लाया गया। बरामद शराब की कीमत बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है।

मनियारी थानाध्यक्ष ने क्या कहा?

इस मामले में मनियारी थानाध्यक्ष जितेंद्र महतो ने बताया कि अज्ञात तस्कर और वाहन चालक के खिलाफ मद्य निषेध कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और फरार आरोपी की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने साफ कहा कि इलाके में शराब के अवैध धंधे में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।