Muzaffarpur illegal mining: मुजफ्फरपुर में खनन माफिया पर शिकंजा!पकड़ी गई गाड़ियों पर अब ‘लुका-छिपी’ का खेल

Muzaffarpur illegal mining: मुजफ्फरपुर में अवैध खनन पर पुलिस छापेमारी के बाद जब्त गाड़ियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस पर अधिकारियों की चुप्पी से संदेह बढ़ गया है।

अवैध खनन का भंडाफोड़!- फोटो : news4nation

Muzaffarpur illegal mining: मुजफ्फरपुर जिले में हाल के दिनों में अवैध खनन का मामला काफी चर्चा में है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से अवैध खनन के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे। इन वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और जिले के कई इलाकों में लगातार छापेमारी की गई।

पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे कई वाहनों को जब्त भी किया। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इन जब्त किए गए वाहनों के साथ आगे क्या हो रहा है, क्योंकि इस बारे में कोई साफ जानकारी सामने नहीं आ रही है।

वायरल वीडियो के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई 

सूचना के मुताबिक, वायरल वीडियो के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई और कई गाड़ियों को पकड़ा गया, जो अवैध खनन में लगी हुई थीं। इस कार्रवाई को लेकर शुरुआत में लगा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है, लेकिन अब स्थिति थोड़ी अलग नजर आ रही है। जिन गाड़ियों को जब्त किया गया, उनके बारे में न तो पुलिस खुलकर कुछ बता रही है और न ही खनन विभाग की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है। इससे लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि क्या इस पूरे मामले में कोई पर्दे के पीछे खेल चल रहा है।

औराई थाना क्षेत्र का मामला

औराई थाना क्षेत्र का मामला इस पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा सवालों के घेरे में लाता है। यहां पुलिस ने अवैध खनन के मामले में दो हाईवा ट्रक जब्त किए थे। बाद में इनमें से एक ट्रक को यह कहकर छोड़ दिया गया कि उसके पास वर्क ऑर्डर था। जबकि दूसरा ट्रक अभी भी पुलिस की अभिरक्षा में है। सबसे हैरानी की बात यह है कि उस दूसरे ट्रक के बारे में यह साफ नहीं है कि उसके पास वर्क ऑर्डर है या नहीं। इस बारे में न तो औराई थाना की पुलिस कोई स्पष्ट जवाब दे पा रही है और न ही खनन पदाधिकारी की तरफ से कोई जानकारी दी जा रही है।

मुजफ्फरपुर से मनीभूषण की रिपोर्ट