Bihar Land: मुजफ्फरपुर में लगेगा उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का जनता दरबार, भूमि विवाद पर सरकार का सीधा वार, अधिकारियों में हड़कंप

Bihar Land: बिहार की सियासत अब जमीन से जुड़ी पीड़ा को सीधे सुनने की तैयारी में है।उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सोमवार को मुजफ्फरपुर में लोगों की पीड़ा सुनेंगे...

मुजफ्फरपुर में लगेगा उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का जनता दरबार- फोटो : reporter

Bihar Land: बिहार की सियासत अब ज़मीन से जुड़ी पीड़ा को सीधे सुनने की तैयारी में है। मुजफ्फरपुर शहर और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ते भूमि विवाद के मामलों ने प्रशासन और सरकार दोनों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। इसी को देखते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सोमवार को मुजफ्फरपुर पहुंचकर जनता दरबार लगाएंगे और आम लोगों की जमीन से जुड़ी समस्याओं को खुद सुनेंगे। इस दरबार में जिले के तमाम वरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि शिकायतों पर फौरन कार्रवाई हो सके।

विधानसभा चुनाव के बाद जिस तरह बिहार की जनता ने एनडीए सरकार पर भरोसे की मुहर लगाई, उसके बाद सरकार भी यह संदेश देना चाहती है कि सत्ता सिर्फ सदन तक सीमित नहीं, बल्कि गलियों और खेतों तक उसकी पकड़ है। भूमि विवाद, जो अक्सर सियासी तनाव और सामाजिक टकराव की वजह बनते हैं, अब सरकार की प्राथमिकता में सबसे ऊपर लाए जा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का जनता दरबार इस मायने में अहम माना जा रहा है कि इसमें फरियादी सीधे अपनी बात सत्ता के शीर्ष तक पहुंचा सकेंगे। कार्यक्रम के अनुसार यह जनता दरबार मुजफ्फरपुर के विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां जमीन से जुड़े पुराने और नए विवादों की सुनवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद राजस्व, भूमि सुधार और प्रशासनिक अधिकारी शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए जिम्मेदार होंगे।

जिला प्रशासन ने इस आयोजन को लेकर दो दिन पहले से ही व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है, ताकि अधिक से अधिक पीड़ित लोग अपनी फरियाद लेकर दरबार तक पहुंच सकें। सरकार की मंशा साफ है, भूमि विवादों को लटकाने की राजनीति नहीं, बल्कि समाधान की सियासत।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह जनता दरबार केवल प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि एनडीए सरकार की जन-संपर्क रणनीति का अहम हिस्सा है। इससे एक ओर आम लोगों को राहत मिलेगी, तो दूसरी ओर सरकार यह संदेश देगी कि वह ज़मीन से जुड़े मुद्दों पर गंभीर है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा