Bihar News : मुजफ्फरपुर में धरी की धरी रह गयी शादी की तैयारी, मटकोर के दिन गायब हुआ दूल्हा, आनन फानन में दुल्हन ने रचाई दूसरी शादी

Bihar News : 24 वर्षीय जितेंद्र कुमार के घर में शादी की खुशियां और शहनाइयों की गूंज थी, लेकिन मटकोर की रस्म के दिन ही दूल्हा अचानक लापता हो गया। इसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया......पढ़िए आगे

शादी से पहले गायब हुआ दूल्हा - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर जिले के गरहा थाना क्षेत्र के हमीदपुर निवासी 24 वर्षीय जितेंद्र कुमार अपने मटकोर के दिन रस्म से पहले अचानक मंडप से गायब हो गया। इधर घरवाले अपने बेटे को ढूंढते रहे, उधर दुल्हन ने मामले की जानकारी चलते ही दूसरे दूल्हे से शादी रचा ली। यह मामला जिले के गरहा थाना क्षेत्र के हमीदपुर गांव में सामने आया है, जहां एक अजीबो गरीब शादी की घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दिया है। जहां एक ओर युवक 24 वर्षीय जितेंद्र कुमार के घर में मटकोर और शादी की रस्में चल रही थी। मेहमानों की चहल पहल थी। दरवाजे पर शहनाइयां बज रही थी। इसी बीच अचानक दूल्हे के गायब होने से खुशियां मातम में बदल गया और पूरे घर में सन्नाटा पसर गया। 

मटकोर की रस्म के बीच 'गायब' हुआ दूल्हा

बता दें की जिले के गरहा थाना क्षेत्र के हमीदपुर निवासी 24 वर्षीय जितेंद्र कुमार हरियाणा की एक फैक्ट्री में काम करता है और अपनी खुद की शादी के लिए ही गांव लौटा था। 25 अप्रैल को घर में धूमधाम के साथ मटकोर की रस्में चल रही थीं। तमाम मेहमानों का आगमन हो चुका था। इसी बीच सुबह करीब 7 बजे जितेंद्र घर से निकला। सुबह 7:30 बजे उसने परिजनों को फोन कर बताया कि वह बाजार में है और जल्द ही वह घर लौट आएगा। लेकिन इसके बाद जितेंद्र का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और वह वापस नहीं लौटा। जिसके बाद परिजनों ने युवक की तलाश शुरू की। लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद परिजनों द्वारा गरहा थाना की पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत की गई। वही आवेदन प्राप्त होते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी। 

पुलिस कर रही दूल्हे की तलाश, दुल्हन ने रचाई दूसरी शादी

वही एक तरफ गायब दूल्हे के परिजन और पुलिस गायब दूल्हे को ढूंढने में लगी थी। वहीं दूसरी तरफ लड़की वालों ने जरा भी इंतजार नहीं किया और अपने लड़की की शादी किसी और के साथ रचा दिया। दूल्हे के घर पर बैंड-बाजा और शादी का भोज धरा का धरा रह गया,और लड़की के परिजनों ने आनन-फानन में अपनी पुत्री की शादी किसी दूसरे लड़के से कर दी।

पुलिस की कार्रवाई और तफ्तीश

परिजनों ने गरहां थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस जितेंद्र के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है। और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच में जुटी है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिरी बार जितेंद्र की बात किससे हुई थी और उसका अंतिम लोकेशन कहाँ था। गरहां थाना पुलिस का कहना है कि मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। वही मामले को लेकर गरहा थाना प्रभारी के द्वारा बताया गया कि थाना क्षेत्र के हमीदपुर निवासी जितेंद्र कुमार 24 अप्रैल को अचानक अपने मटकोर पूजा के दिन घर से बाजार के लिए निकला और फिर वापस नहीं आया।  जिसके बाद परिजनों के द्वारा पूरे मामले का आवेदन प्राप्त हुआ।  वही आवेदन प्राप्त होते ही मामले में प्राथमिकी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की गई।  राहत की बात यह है की अब जाकर युवक से बात हुई है और संभवत कल तक युवक वापस अपने घर आ सकता है।  फिलहाल पुलिस को पूरे मामले में प्रेम प्रसंग की आशंका नजर आ रही है।  हालांकि अब देखना होगा की जब युवक पुलिस के पास पहुंचता है और पुलिस युवक से 164 का बयान करवाती है तो युवक का क्या कुछ कहना होता है।  

मणिभूषण की रिपोर्ट