राजगीर के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में नई खेल क्रांति की शुरुआत : बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच रणजी ट्रॉफी का महामुकाबला शुरू

नालंदा जिले के राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहली बार रणजी ट्रॉफी का मैच खेला जा रहा है। आज रविवार को नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने इसका औपचारिक उद्घाटन किया। बिहार और यूपी के बीच यह मुकाबला हो रहा है.....

राजगीर के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में नई खेल क्रांति की शुरुआत - फोटो : राज

Nalanda : जिले के राजगीर खेल परिसर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत हुई, जहां पहली बार रणजी ट्रॉफी मुकाबले का आयोजन किया जा रहा है। 


इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के तहत बिहार और उत्तर प्रदेश की टीमों के बीच रोमांचक महामुकाबला शुरू हो चुका है। मैच में बिहार की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।


सांसद कौशलेंद्र कुमार ने किया औपचारिक उद्घाटन

इस ऐतिहासिक मैच की शुरुआत से पहले नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने मुकाबले का औपचारिक उद्घाटन किया। राजगीर में रणजी ट्रॉफी के आयोजन से पूरे जिले और बिहार के खेल जगत में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। यह आयोजन न केवल राज्य में क्रिकेट के विकास को गति देगा, बल्कि राजगीर को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।


स्थानीय खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह

बिहार और उत्तर प्रदेश के इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। राजगीर में पहली बार इस स्तर के राष्ट्रीय मैच होने से स्थानीय युवा खिलाड़ियों को भी बड़े स्तर के मुकाबलों को करीब से देखने, सीखने और उससे प्रेरणा लेने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ है।


राज की रिपोर्ट