Bihar Education Scheme: बिहार के मॉडल स्कूलों में JEE-NEET की मुफ्त तैयारी, गरीब बच्चों को मिलेगा बड़ा मौका

Bihar Education Scheme: बिहार में अब आर्थिक तंगी किसी विद्यार्थी के बड़े सपने की राह में बाधा नहीं बनेगी। ...

Bihar Education Scheme
मॉडल स्कूलों में JEE-NEET की मुफ्त तैयारी- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Education Scheme: बिहार में अब आर्थिक तंगी किसी विद्यार्थी के बड़े सपने की राह में बाधा नहीं बनेगी। खासकर ग्रामीण इलाकों और छोटे शहरों में रहने वाले मेधावी बच्चों को इंजीनियर और डॉक्टर बनने के लिए महंगी कोचिंग संस्थानों का सहारा लेने की मजबूरी कम करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल की है। सरस्वती विद्या निकेतन योजना के माध्यम से मॉडल स्कूलों में 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ IIT-JEE और NEET-UG की नि:शुल्क तैयारी कराई जा रही है। इसके लिए विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप विशेष शैक्षणिक सहायता भी दी जा रही है। इस पहल का मकसद है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग और मेडिकल संस्थानों में दाखिला लेने का सपना पूरा कर सकें।

दरअसल, डॉक्टर और इंजीनियर बनने की ख्वाहिश रखने वाले विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक महंगी कोचिंग की फीस है। बड़े शहरों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले संस्थानों का खर्च हर परिवार वहन नहीं कर सकता। ऐसे में गांव और कस्बों के प्रतिभाशाली बच्चे अक्सर बेहतर मार्गदर्शन से वंचित रह जाते हैं। सरकार की इस पहल से उन्हें अपने ही विद्यालय में पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।

पटना के कंकड़बाग स्थित श्री रघुनाथ प्रसाद बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की वनस्पति विज्ञान शिक्षिका विनीता स्मृति के मुताबिक, सरस्वती विद्या निकेतन बनने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में काफी सकारात्मक बदलाव आया है। खासकर NEET और JEE की नि:शुल्क कक्षाओं से विद्यार्थियों को बड़ा फायदा मिल रहा है। IIT और अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों को पढ़ाई कराई जा रही है, जिससे उन्हें बाहर जाकर महंगी कोचिंग पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रयोगशालाओं को भी बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं दिया जाता, बल्कि प्रयोगों के जरिए विषयों को समझने का अवसर भी मिलता है। माइक्रोस्कोप और स्लाइड की मदद से जीव विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को समझाया जाता है। इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति दिलचस्पी बढ़ रही है और वे विषयों को अधिक आसानी से समझ पा रहे हैं।

वहीं, सरस्वती विद्या निकेतन मॉडर्न हाई स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा प्रिया कुमारी भी विद्यालय की सुविधाओं से खुश हैं। उनका कहना है कि स्कूल में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था है। इसके अलावा पुस्तकालय और खेल का मैदान भी उपलब्ध है। शिक्षक बेहतर तरीके से पढ़ाते हैं, जिससे पढ़ाई में काफी मदद मिलती है।

शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलाव के आंकड़े भी इस पहल का दायरा बताते हैं। राज्य में 551 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालयों की शुरुआत की गई है। वहीं, बिहार के 700 मॉडल विद्यालयों में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के तीन लाख से अधिक विद्यार्थी बिहार विद्या साथी ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके जरिए ऑनलाइन कक्षाओं और डिजिटल माध्यम से पढ़ाई को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सरकार की इस पहल में पढ़ाई के साथ खेलकूद, कला और तकनीकी शिक्षा को भी अहमियत दी जा रही है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। नि:शुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी, आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लास और अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन बिहार के विद्यार्थियों के लिए नए रास्ते खोल रहा है। हालांकि, इस पहल की वास्तविक कामयाबी नियमित कक्षाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणामों से तय होगी। फिलहाल, यह योजना उन परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जिनके बच्चे सीमित संसाधनों के बावजूद डॉक्टर और इंजीनियर बनने का ख्वाब देखते हैं।