UP Assembly Election 2027: यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सियासी घमासान, अखिलेश की लिस्ट ने INDIA गठबंधन में मचाई हलचल

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल भले ही अभी पूरी तरह नहीं बजा हो, लेकिन सियासी मैदान में अभी से शह और मात का खेल शुरू हो गया है।...

UP Assembly Election 2027
सपा-कांग्रेस में सियासी घमासान- फोटो : Hiresh Kumar

UP Assembly Election 2027:  उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल भले ही अभी पूरी तरह नहीं बजा हो, लेकिन सियासी मैदान में अभी से शह और मात का खेल शुरू हो गया है। बीजेपी को चुनौती देने के लिए बना INDIA गठबंधन अब अपने ही घटक दलों के बीच सीटों की खींचतान में उलझता नजर आ रहा है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत चल रही है, लेकिन इसी बीच अखिलेश यादव की पांच उम्मीदवारों वाली सूची ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सीटों के बंटवारे पर चल रही बातचीत के बीच उम्मीदवारों के नामों का ऐलान होने से कांग्रेस खेमे में नाराजगी सामने आने लगी है। अब गठबंधन की यह अंदरूनी रस्साकशी सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक बयानों तक पहुंच गई है।

इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का बयान चर्चा का केंद्र बन गया है। उन्होंने सपा की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ सीटों को लेकर बातचीत हो रही है और दूसरी तरफ उम्मीदवारों की घोषणा की जा रही है। इससे बातचीत की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं। मसूद ने कहा कि अब कांग्रेस को अपने भीतर विचार करना होगा कि समाजवादी पार्टी के साथ बातचीत आगे जारी रखनी चाहिए या नहीं।

उनका सवाल भी सियासी तौर पर काफी अहम रहा। उन्होंने कहा कि आखिर समाजवादी पार्टी यह स्पष्ट करे कि उसकी लड़ाई बीजेपी से है या कांग्रेस से? जब बातचीत के बीच उनके खिलाफ उम्मीदवार उतारने की घोषणा हो रही है, तो इसका राजनीतिक संदेश क्या है? मसूद के इस बयान ने दोनों दलों के बीच पहले से मौजूद असहजता को सार्वजनिक बहस में ला दिया है।

कांग्रेस नेता के हमले पर समाजवादी पार्टी ने भी पलटवार करने में देर नहीं लगाई। सपा नेता आशुतोष वर्मा ने कहा कि पिछले डेढ़ महीने से समाजवादी पार्टी और उसके विधायकों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पांच उम्मीदवारों की सूची का बचाव करते हुए कहा कि इसमें मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं। सहारनपुर की सीटों के महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने लोकसभा चुनाव के नतीजों का हवाला भी दिया।

ललितपुर सीट पर ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले का बचाव करते हुए वर्मा ने कहा कि वह पहले भी वहां चुनाव लड़ चुकी हैं। उनके मुताबिक, 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को करीब 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा था। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को बयानबाजी से पहले राजनीतिक परिपक्वता दिखाने की नसीहत भी दी।

दरअसल, विवाद की जड़ सीटों का बंटवारा है। दोनों दलों के बीच पिछले दो दिनों से बातचीत जारी थी। इसी दौरान रविवार को सपा ने बेहट, सहारनपुर ग्रामीण समेत पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए। इन सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि सपा ने गठबंधन में कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।

अब सवाल यह है कि सीटों की यह खींचतान बातचीत की मेज पर सुलझेगी या INDIA गठबंधन की एकजुटता पर और सवाल खड़े होंगे। फिलहाल, 2027 की चुनावी जंग से पहले ही यूपी की सियासत में गठबंधन की गांठें खुलने के बजाय उलझती दिखाई दे रही हैं।