11 डॉक्टरों की बर्खास्तगी के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत का एक और सख्त संदेश, ऐसी गलती अब बर्दाश्त नहीं

निशांत ने स्पष्ट किया कि सरकार का एकमात्र उद्देश्य प्रदेश की आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Bihar Health Minister Nishant
Bihar Health Minister Nishant - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से ड्यूटी से गायब रहने और कर्तव्यहीनता के आरोप में स्वास्थ्य विभाग के 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त किए जाने के बाद निशांत ने डॉक्टरों को स्पष्ट संदेश दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का पेशा केवल नौकरी नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।


दरअसल, गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर 11 चिकित्सकों की बर्खास्तगी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार कैबिनेट की स्वीकृति के बाद कर्तव्यहीनता और लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले स्वास्थ्य विभाग के 11 डॉक्टरों को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।


आसान नहीं था 11 डॉक्टरों को बर्खास्त करने का फैसला

स्वास्थ्य मंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि यह निर्णय बिल्कुल आसान नहीं था, लेकिन जिस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई, उसे देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई करना आवश्यक हो गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का एकमात्र उद्देश्य प्रदेश की आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

डॉक्टरों से निशांत की खास अपील

निशांत कुमार ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को विभागीय परिवार का सबसे महत्वपूर्ण सदस्य बताते हुए उनसे पूरी निष्ठा, कुशलता और ईमानदारी के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और उनके पवित्र पेशे के प्रति उनके हृदय में अत्यंत सम्मान है। सभी चिकित्सक अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करें और प्रदेश के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार का सहयोग करें।


कैबिनेट की मंजूरी के बाद हुई कार्रवाई

गौरतलब है कि बिहार मंत्रिमंडल ने अपनी पिछली बैठक में लंबे समय से अनुपस्थित और कर्तव्यहीनता के आरोपों का सामना कर रहे 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में कार्रवाई की है। इस फैसले को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।