BIHAR BRIBE NEWS - रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद कार्यपालक सहायक को किया सेवामुक्त, भू-लगान के लिए अवैध वसूली का आरोप
BIHAR BRIBE NEWS - भू-लगान में अवैध वसूली करते हुए वीडियो सामने आने के बाद कार्यपालक सहायक को सेवा मुक्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई डीएम के आदेश पर की गई है। वहीं प्रशासन की कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

NAWADA - बिहार के नवादा जिले में एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद सेवा से हटा दिया गया। नारदीगंज अंचल कार्यालय में तैनात कार्यपालक सहायक चंद्रशेखर प्रसाद का वीडियो 1 मार्च को सोशल मीडिया पर सामने आया। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के आदेश पर हुई जांच में पाया गया कि कार्यपालक सहायक अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर ऑनलाइन भू-लगान का काम कर रहे थे। नियमानुसार नागरिक भू-लगान का भुगतान स्वयं विभागीय वेबसाइट या वसुधा केंद्रों के माध्यम से कर सकते हैं।
चंद्रशेखर प्रसाद ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वीडियो में दिख रही राशि एक व्यक्ति के तीन साल के बकाया लगान की थी। उनका दावा था कि लंच ब्रेक के दौरान बाहर जाने पर व्यक्ति ने जल्दबाजी में पैसे वापस मांगे और वीडियो बना लिया। एक अन्य व्यक्ति ने भी कार्यपालक सहायक पर तीन आय प्रमाण पत्र बनाने के लिए अवैध राशि मांगने का आरोप लगाया। साक्ष्य मांगने पर उन्होंने वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
जांच में चंद्रशेखर प्रसाद का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। अंचल अधिकारी की अनुशंसा पर उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। जांच रिपोर्ट के अनुसार उनका आचरण सरकारी सेवा नियमों के विरुद्ध था।जिला प्रशासन ने सभी सरकारी कर्मियों से निष्पक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने की अपेक्षा की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
REPORT - AMAN SINHA