पटना के 11 प्रखंडों में नए अंचलाधिकारियों की तैनाती, विभाग ने जारी किया आदेश

Patna - : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने प्रशासनिक दृष्टिकोण और कार्यक्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से पटना जिले के 11 अंचलों में नए अंचल अधिकारियों (CO) की प्रतिनियुक्ति की है । विभाग के उप सचिव संजय कुमार सिंह द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश के अनुसार, विभिन्न संवर्गों में कार्यरत पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके नए कार्यक्षेत्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है । यह निर्णय विशेष रूप से हड़ताल की स्थितियों और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए लिया गया है 

इन अंचलों में हुई नई नियुक्तियां

विभागीय अधिसूचना के अनुसार, पटना के महत्वपूर्ण अंचलों जैसे पटना सदर, दानापुर, फुलवारीशरीफ और फतुहा में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है ।  कुमार हर्ष (गृह जिला-झारखंड) को पटना सदर और दूसरे श्री कुमार हर्ष (गृह जिला-पटना) को दानापुर का अंचल अधिकारी बनाया गया है । इसी प्रकार, मनोज कुमार गुप्ता को फुलवारीशरीफ,  आदिती श्रुति को नौबतपुर, और श्रीमती निशा आनंद को फतुहा अंचल की कमान सौंपी गई है । अन्य तैनातियों में बिक्रम, पालीगंज, बेलछी, सम्पतचक, दीदारगंज और दुल्हिनबाजार अंचल शामिल हैं 

वित्तीय शक्तियां और तत्काल योगदान के निर्देश

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को संबंधित अंचल के बिलों की निकासी हेतु निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) की शक्तियां प्रत्यायोजित की गई हैं । बिहार कोषागार संहिता 2011 के नियम-84 के आलोक में यह अधिकार दिए गए हैं ताकि अंचलों का वित्तीय कार्य बाधित न हो । विभाग ने सख्त निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी बिना किसी विलंब के अपने नए कार्यालय में योगदान सुनिश्चित करें । यह आदेश 30 मार्च 2026 से प्रभावी माना जाएगा