बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर चलेगी 12 स्पेशल ट्रेनें, देखिए समयसारिणी, पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हिंसक प्रदर्शन के बाद रेलवे का फैसला
पाटलिपुत्र स्टेशन पर भीड़ के हिंसक प्रदर्शन के बाद बिहार पुलिस परीक्षा के लिए रेलवे ने रविवार को विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है.
Bihar Police Exam: बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। दानापुर रेल मंडल द्वारा 14 जून को विभिन्न रूटों पर कुल कई परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के जरिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी और सामान्य ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होगा। दरअसल, 4128 पदों के लिए 16 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात पाटलिपुत्र स्टेशन पर भीड़ ने जोरदार हंगामा किया क्योंकि सीमांचल के जिलों किशनगंज, पूर्णिया, अररिया में जाने के लिए पर्याप्त ट्रेनें नहीं थी. इस दौरान पुलिस द्वारा गोली चलाने, आंसू गैस के गोले छोड़ने की कार्रवाई हुई, वहीं अब रेलवे ने विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है।
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दो विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। परीक्षा के बाद चलेंगी ये स्पेशल ट्रेनें एग्जाम स्पेशल-1 पटना से रात 1:38 बजे खुलकर बीयू (गया) सुबह 6:15 बजे पहुंचेगी। एग्जाम स्पेशल-2 पटना से रात 12:57 बजे रवाना होकर किउल/बरौनी होते हुए सुबह 6:17 बजे आरआरबी (कटिहार) पहुंचेगी। ट्रेनों का सभी स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
परीक्षा के लिए दिनभर चलेंगी 10 स्पेशल ट्रेनें दानापुर मंडल द्वारा पटना, गया, बक्सर, आरा, नवादा, किउल, राजगीर और भागलपुर समेत विभिन्न रूटों पर 10 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से: पटना-गया, गया-पटना, पटना-भागलपुर, बक्सर-दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), नवादा-गया, गया-नवादा, राजगीर-बख्तियारपुर, किउल-गया, गया-किउल रूटों पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए अतिरिक्त मेमू और पैसेंजर रैक उपलब्ध कराए गए हैं। ट्रेनों में पर्याप्त कोच लगाए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। ऐसे में रेलवे द्वारा चलाई जा रही ये स्पेशल ट्रेनें अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती हैं।