Bihar Budget 2026: मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति? बिहार विधानसभा का छज्जा गिरा, बजट सत्र के दौरान बाल-बाल बचे माननीय
Bihar Budget 2026: बिहार विधानसभा का बजट सत्र जारी है। बजट सत्र के दौरान आज एक बड़ा हादसा होते होते बचा गया। अचानक विधानसभा के छज्जा का एक हिस्सा गिर गया। इस दौरान सभी बाल बाल बचे
Bihar Budget 2026: बिहार विधानसभा का बजट सत्र जारी है। बजट सत्र का आज चौथा दिन है। दोनों सदनों के सदस्य आज(शुक्रवार) की कार्यवाही के लिए सदन पहुंच रहे हैं। इसी बीच बड़ा हादसा हुआ है। हालांकि इस घटना में किसी को हानि नहीं पहुंची। दरअसल, सदन की कार्यवाही के लिए सदस्य पहुंच रहे थे तभी बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी अनुसार मुख्य भवन का छज्जा अचानक झरझरा कर गिर पड़ा। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
हाल ही में किया गया था मरम्मत
जानकारी के अनुसार, बजट सत्र से पहले विधानसभा भवन में मरम्मत, रंग-रोगन और सजावट का काम कराया गया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के संभावित आगमन को देखते हुए परिसर को सजाने और संवारने पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे थे। इसके लिए टेंडर भी जारी किए गए थे।
छज्जा गिरने से अफरा-तफरी
इसके बावजूद मुख्य इमारत का हिस्सा गिरने की घटना ने निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छज्जा गिरने के बाद कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल इस घटना के बाद भवन की स्थिति और हाल ही में कराए गए कार्यों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
कुमार सर्वजीत ने उठाया सवाल
वहीं सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने विधानसभा भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाया। उन्होंने स्पीकर से शिकायत करते हुए बताया कि सुबह कई विधायक पोर्टिको में खड़े थे, तभी ऊपर से छत का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। उन्होंने कहा कि मलबा गिरने से कई विधायक बाल-बाल बच गए। गौरतलब है कि बजट सत्र से पहले ही विधानसभा भवन का रेनोवेशन कराया गया था, जिस पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद छत का हिस्सा टूटकर गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पटना से रंजन की रिपोर्ट