साइबर अपराध की जांच पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू, विभिन्न जिलों व इकाइयों के पुलिस पदाधिकारी ले रहे हिस्सा

ओसीडब्ल्यूसी की रोकथाम, प्रभावी अनुसंधान और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटना में दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इस कार्यशाला में विभिन्न जिलों व इकाइयों के पुलिस पदाधिकारी हिस्सा ले रहे है....

साइबर अपराध की जांच पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : साइबर अपराध तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराधों (ओसीडब्ल्यूसी) की रोकथाम, प्रभावी अनुसंधान और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार, 23 नवंबर 2026 को पटना में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन शुरू किया गया। साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट (सीसीएसयू), बिहार द्वारा आई4सी के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में बिहार के विभिन्न जिलों व इकाइयों से आए पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया है। प्रशिक्षण के दौरान कुल दस विशेष सत्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक जानकारी, केस स्टडी और प्रश्नोत्तर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 


अवकाश कुमार व रंजीत कुमार मिश्रा ने दी तकनीकी दक्षता, एआई व डीपफेक चुनौतियों पर जानकारी 

संबोधन में पुलिस उप-महानिरीक्षक (साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई) अवकाश कुमार ने कहा कि महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराध अत्यंत गंभीर हैं और आपत्तिजनक व शोषणकारी सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, साथ ही उन्होंने प्रशिक्षित पदाधिकारियों से जिलों में लौटकर थानाध्यक्षों व अन्य कर्मियों को जागरूक करने का आग्रह किया। वहीं पुलिस महानिरीक्षक (साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई) रंजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग व प्रलोभनों से बच्चों व युवाओं की निजी जानकारी के दुरुपयोग के मामलों में केवल वित्तीय लेन-देन की जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए नई अनुसंधान पद्धतियों व प्रशिक्षण को व्यवहार में लाना आवश्यक है। 


पारसनाथ व कुंदन कृष्णन ने साझा कीं जांच व समन्वय की अहम रणनीतियां 

अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध अनुसंधान विभाग) पारसनाथ ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर जोखिमों से कोई भी व्यक्ति या संस्था पूरी तरह सुरक्षित नहीं है, इसलिए बदलते स्वरूप से निपटने के लिए पारंपरिक पुलिसिंग के साथ आधुनिक तकनीक, विधिक समझ, विशेषज्ञ लेखों व न्यायिक निर्णयों का अध्ययन कर कार्रवाई में उपयोग किया जाना चाहिए। महानिदेशक (विशेष शाखा) कुंदन कृष्णन ने कहा कि जटिल व तकनीकी साइबर अपराधों में साक्ष्य संकलन, विधि के सटीक प्रयोग और दोषसिद्धि के लिए विशेष प्रशिक्षण, सीबीआई व आई4सी के सहयोग, आवश्यकता पड़ने पर इंटरपोल समन्वय, संदिग्ध म्यूल बैंक खातों को समय रहते फ्रीज करने तथा डार्क वेब व डिजिटल माध्यमों की तकनीकी समझ बेहद महत्वपूर्ण है। 


आई4सी टीम व विशेषज्ञों द्वारा केस स्टडी व व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर 

इस दो दिवसीय कार्यशाला में आई4सी की उप निदेशक ऐश्वर्या सहित आई4सी की टीम तथा विभिन्न राज्यों से आए अनुभवी विशेषज्ञ व पुलिस अधिकारी प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं व बच्चों के विरुद्ध ऑनलाइन अपराधों की शिकायतों के निस्तारण, आपत्तिजनक सामग्री की पहचान, डिजिटल साक्ष्य संकलन, तकनीकी व विधिक पहलुओं तथा प्रभावी जांच प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 


थाना व जिला स्तर पर पुलिस तंत्र को अधिक सक्षम व संवेदनशील बनाने का प्रयास 

कार्यशाला के माध्यम से बिहार के विभिन्न जिलों व इकाइयों से आए पुलिस पदाधिकारियों की क्षमता बढ़ाकर जिला और थाना स्तर पर साइबर अपराध व ओसीडब्ल्यूसी मामलों में त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। सीसीएसयू, बिहार द्वारा ऐसे क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के जरिए पुलिस तंत्र को बदलती तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप अधिक दक्ष और संवेदनशील बनाने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है। 


रंजीत की रिपोर्ट