सिगरेट के धुएं पर बवाल, STF जवानों और छात्रों के बीच जमकर मारपीट,कई घायल
बिहार के समस्तीपुर जिले के सरायरंजन में सिगरेट के धुएं का विरोध करने पर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों और बिहार STF जवानों के बीच मारपीट हो गई। कई घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार के समस्तीपुर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों और बिहार एसटीएफ (STF) के जवानों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। यह मामला सरायरंजन थाना क्षेत्र के नरघोघि गांव स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज के गेट के पास का है, जहां रविवार को एक दुकान पर छात्रों द्वारा सिगरेट का धुआं छोड़ने का विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें एसटीएफ के कई पुलिसकर्मी और कुछ छात्र घायल हो गए।
दोनों तरफ से चले लाठी-डंडे, कई पुलिसकर्मी जख्मी
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के पास दुकान पर सिगरेट पी रहे छात्रों को जब एसटीएफ कर्मियों ने धुआं छोड़ने से रोका तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद एसटीएफ जवानों ने आवास से अपने सहयोगियों को बुला लिया, जबकि छात्रों ने भी व्हाट्सऐप के जरिए अन्य छात्रों को मौके पर जुटा लिया। बताया जा रहा है कि सैकड़ों छात्रों की भीड़ पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस मारपीट में 28 वर्षीय भीष्म और मुकेश कुमार सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम के बाद हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
रविवार को श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों के प्रथम सत्र के अकादमिक सत्र के उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहुंचे थे। उनके कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने और उनके जाने के कुछ ही घंटे बाद यह घटना हुई। सूचना मिलते ही सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने छात्रों की तलाश में छापेमारी भी की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर छात्र भाग निकले। थानाध्यक्ष के अनुसार, इलाके में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण छात्रों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
भाकपा माले ने उठाई मांग, स्थानीय लोगों में चिंता
इस घटना को लेकर समस्तीपुर में भाकपा माले की स्थायी समिति के सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि पहले भी ऐसे विवाद सामने आ चुके हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज तथा छात्रों के आवास खाली स्थानों पर बनाए जाने चाहिए, साथ ही चेतावनी दी कि ठोस कार्रवाई न होने पर पार्टी सड़क से संसद तक आंदोलन करेगी। वहीं, अचानक हुई इस झड़प और अफरा-तफरी से आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।