साइबर अपराध और लंबित मामलों पर आईजी सख्त, पटना-नालंदा के पुलिस अधिकारियों को फटकार
पटना और नालंदा में बढ़ते साइबर अपराध तथा लंबित मामलों के निपटारे में सुस्ती पर आईजी जितेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई। NDPS मामलों, बीट पुलिसिंग और गश्ती को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं।
पटना और नालंदा में बढ़ते साइबर अपराध तथा लंबित मामलों के निपटारे में सुस्ती को लेकर आईजी जितेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। समीक्षा बैठक में उन्होंने साइबर अपराध, एनडीपीएस और बीट पुलिसिंग को लेकर स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्रवाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पटना और नालंदा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
सोमवार को आईजी जितेंद्र राणा ने पटना एसएसपी, तीनों सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और नालंदा एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान साइबर अपराध के मामलों के निष्पादन में धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई और जल्द से जल्द मामलों का निपटारा करने का निर्देश दिया, साथ ही दोबारा बैठक कर प्रगति का आकलन करने की बात कही।
एनडीपीएस मामलों में सख्ती और पोर्टल की शिकायतों पर निर्देश
आईजी ने एनडीपीएस के मामलों में जब्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया तेज करने और बड़े सप्लायरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। अधिक मात्रा में जब्त मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में अगले तीन दिनों के भीतर विनष्टीकरण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया, वहीं साइबर अपराध से जुड़े मनी रिस्टोरेशन, ग्रीवांस रिड्रेसल और समन्वय पोर्टल की शिकायतों पर कार्रवाई अपडेट रखने को कहा गया।
बीट पुलिसिंग, गश्ती और वाहन जांच बढ़ाने पर जोर
बैठक में बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाने, थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र की नियमित निगरानी करने और किसी घटना की स्थिति में बीट पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही शहर के गली-मोहल्लों में पैदल गश्ती व बाइक पेट्रोलिंग बढ़ाने और प्रमुख सड़कों पर वाहन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।
पटना से अनिल की रिपोर्ट